119 दिन से धरने पर अधिवक्ताओं ने मांगी पुलिस सुरक्षा:कचहरी में बस्ता फेंकने और सामान चोरी करने का आरोप, डीएम कार्यालय के सामने दे रहे धरना

Nov 17, 2026 - 15:30
0
119 दिन से धरने पर अधिवक्ताओं ने मांगी पुलिस सुरक्षा:कचहरी में बस्ता फेंकने और सामान चोरी करने का आरोप, डीएम कार्यालय के सामने दे रहे धरना
मेरठ कचहरी में बस्ता फेंकने और उसमें रखा सामान चोरी होने के मामले में अधिवक्ताओं का धरना लगातार जारी है। मंगलवार को डीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने अपनी सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि 12 जुलाई को महात्मा गांधी बिल्डिंग के पास टीन के नीचे रखा उनका बस्ता फेंक दिया गया था। उसमें तोड़फोड़ करने के साथ सामान भी चोरी कर लिया गया। इस मामले में अधिकारियों को कई बार शिकायत दी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 13 जुलाई से अधिवक्ताओं ने बस्ते वाली जगह पर ही धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। अधिवक्ता निखिल कुमार सिंह ने बताया कि वह करीब 10 साल से मेरठ कचहरी में वकालत कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार और महामंत्री प्रशांत गुप्ता ने अपने पद का इस्तेमाल करते हुए दबंगई कर उनका बस्ता वहां से फेंकवा दिया। उसमें रखा सामान तोड़ दिया गया और चोरी भी हुई। इस मामले में कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। निखिल का कहना है कि इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। असामाजिक तत्वों के माध्यम से जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दिलाई जा रही है। डीएम कार्यालय के सामने पहुंचे दो लोग, मोबाइल छीनने का प्रयास निखिल के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर को करीब 12:30 बजे दो लोग उनके धरने पर पहुंचे। इनमें एक की पहचान सतेंद्र जांगिड़ के रूप में हुई है, जबकि दूसरा व्यक्ति अज्ञात था। आरोप है कि दोनों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने, भुगत लेने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। निखिल का कहना है कि उनके खिलाफ पहले भी झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं, जबकि बस्ता तोड़ने और सामान चोरी होने के मामले में अभी तक उनकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई है। इस घटना के बाद उन्होंने डीएम, एसएसपी, डीआईजी और कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस सुरक्षा की मांग की है। महिला अधिवक्ता ने पानी और चाय डालने का लगाया आरोप महिला अधिवक्ता अनुष्का भारद्वाज ने बताया कि वह पिछले चार साल से कचहरी में वकालत कर रही हैं। 23 अक्टूबर को वह अपनी सीट पर बैठकर काम कर रही थीं। इसी दौरान मोहम्मद अब्बासी नाम का व्यक्ति वहां आया। अनुष्का का आरोप है कि वह पानी पी रहा था और उसने वही पानी उनके ऊपर गिरा दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने पास रखी चाय भी उनके ऊपर डाल दी। इसके बाद वहां रखी मेज उठाकर उनकी तरफ मारी, जिससे वह गिरते-गिरते बचीं। उनका कहना है कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, जिनमें पूरी घटना रिकॉर्ड हुई होगी। अनुष्का ने कहा कि एक महिला अधिवक्ता के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब कचहरी में अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों को सुरक्षा की उम्मीद कैसे होगी। उन्होंने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। 119वें दिन भी जारी रहा धरना अधिवक्ताओं ने बताया कि मंगलवार को डीएम कार्यालय के सामने उनके धरने और भूख हड़ताल का 119वां दिन है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके साथ हुई घटनाओं की जांच कराई जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो और उन्हें पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User