144 विद्यार्थियों ने 'अहिंसा परमो धर्म:' पर रखी बात:28 नवंबर को होगा फाइनल; राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पौत्र शामिल होंगे
मधु दंडवते फाउंडेशन की ओर से शनिवार को 'अहिंसा परमो धर्म:' विषय पर भाषण प्रतियोगिता का सेमीफाइनल आयोजित किया गया। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में 144 विद्यार्थियों ने इस विषय पर अपनी बात रखी। इस प्रतियोगिता का फाइनल 28 नवंबर को गोरखपुर क्लब सभागार में होगा। उसी दिन भाषण प्रतियोगिता के साथ निबंध लेखन प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। फाइनल प्रतियोगिता के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पौत्र, विचारक व सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद केसी त्यागी, योजना आयोग कर्नाटक के उपाध्यक्ष व विधायक बीआर पाटिल, सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका) में ख्यात कवि व कथाकार उदय दंडवते, ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र उपस्थित रहेंगे। फाउंडेशन के आलोक शुक्ल ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता जिले भर के 120 विद्यालयों में हाईस्कूल और इंटर कक्षा वर्ग के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा में अलग-अलग आयोजित की गई थी। विद्यालय स्तर पर दोनों वर्गों में 2200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से सफल 144 प्रतिभागियों ने सेमीफाइनल में हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता में हाईस्कूल और इंटर दोनों वर्गों में कुल 53 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया है। आलोक शुक्ल ने बताया कि निबंध व भाषण प्रतियोगिता के प्रत्येक वर्ग व भाषा में एक-एक विद्यार्थी को प्रथम, दो-दो विद्यार्थियों को द्वितीय, चार-चार विद्यार्थियों को तृतीय और पचास विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। सेमीफाइनल प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में गोरखपुर विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. चितरंजन मिश्र, फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, मंजूर आलम, आशा पांडेय, अमन जहां खातून, हर्षिता सिन्हा, अमित श्रीवास्तव, यास्मीन, रंजना शुक्ला, नूतन बाला त्रिपाठी, अशोक मिश्रा शामिल रहे। प्रतियोगिता का कोआर्डिनेशन स्नेहलता सिंह और सुश्री शिवांगी निषाद ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)