16 दिन से MDA में किसानों का धरना जारी:नए VC-सचिव ने संभाला कार्यभार, किसानों को बातचीत का इंतजार
मेरठ विकास प्राधिकरण में रुका हुआ प्रतिकर और प्लॉट आवंटन की मांग को लेकर मेडा परिसर में किसानों का धरना मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। लगातार धरने के बावजूद मांगों पर सुनवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि प्राधिकरण में नए अधिकारी भी आ गए हैं, लेकिन अभी तक किसी ने उनसे बातचीत करने की पहल नहीं की है। ऐसे में अब किसान आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। जल्द ही बड़ी किसान महापंचायत बुलाकर आंदोलन को लेकर बड़ा निर्णय लिया जाएगा। किसान नेता गौरव गुर्जर ने कहा कि किसान पिछले 16 दिनों से मेडा परिसर में धरना दे रहे हैं। उनकी मुख्य मांग जमीन के बदले रुका हुआ प्रतिकर और तय हिस्से के प्लॉट दिलाने की है। इसके लिए लगातार अधिकारियों से बातचीत और समाधान की उम्मीद की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि प्राधिकरण में उपाध्यक्ष विक्रमादित्य मलिक और नए सचिव विनय कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है, इसके बावजूद किसानों के साथ वार्ता के लिए कोई अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि अब किसान केवल आश्वासन के भरोसे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। जल्द ही बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें 12 गांवों के किसानों को एकजुट कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पार्षद प्रशांत कसाना ने कहा कि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा। किसानों ने 'प्रतिकर और प्लॉट नहीं तो वोट नहीं' का नारा देते हुए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी। उनका कहना है कि जमीन देने के बाद भी अपने अधिकारों के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। धरने में मंगत सिंह पुट्ठा, गौरव गुर्जर काजीपुर, ब्रजपाल सिंह, सागर रस्तोगी, मुकेश अग्रवाल, सुरेश पाल भाटी, हाजी आमिर, मलखान सिंह, मनीराम सिंह, कटारे बैंसला, महिपाल बैंसला, उम्रदराज घोसीपुर, आमिर चौधरी काजीपुर और अंकित बैंसला सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)