2024 के लोकसभा चुनाव में कैराना-थानाभवन में सपा आगे रही:शामली में भाजपा को बढ़त मिली; 2027 के लिए समीकरण बनाने में जुटी पार्टियां
शामली में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों कैराना, थानाभवन और शामली पर भाजपा, सपा, कांग्रेस और रालोद की नजर है। राजनीतिक दल आगामी चुनाव के लिए संभावित चेहरों की तलाश में पिछले चुनावों के आंकड़ों का आंकलन कर रहे हैं। खासतौर पर 2024 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्रवार मिले वोट प्रत्याशियों के चयन में अहम आधार बन सकते हैं। कैराना और थानाभवन में सपा को बढ़त मिली थी, जबकि शामली में भाजपा आगे रही थी। ऐसे में दलों के सामने चुनौती इन आंकड़ों को विधानसभा चुनाव में जीत में बदलने की है। 2024 के आंकड़े देखिए राजनीतिक दलों के लिए 2024 का लोकसभा चुनाव तीनों सीटों पर अलग-अलग सियासी संकेत छोड़ गया। कैराना में सपा ने भाजपा पर 30,749 वोटों की बढ़त बनाई थी। थानाभवन में दोनों के बीच महज 687 वोटों का अंतर रहा। वहीं, शामली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा 11,230 वोटों से आगे रही थी। अब इन आंकड़ों के आधार पर पार्टियां अपने मजबूत और कमजोर बूथों की पहचान करने के साथ स्थानीय नेताओं के प्रभाव का भी आकलन कर रही हैं। कैराना में सपा की बढ़त कैराना लोकसभा सीट पर सपा की इकरा हसन ने भाजपा के प्रदीप चौधरी को 71,938 वोटों से हराया था। इकरा हसन को 5,28,013 और प्रदीप चौधरी को 4,56,075 वोट मिले थे। कैराना विधानसभा क्षेत्र में सपा को 1,16,365 और भाजपा को 85,616 वोट मिले थे। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के नाहिद हसन ने 1,31,035 वोट लेकर जीत दर्ज की थी। भाजपा की मृगांका सिंह को 1,05,148 वोट मिले थे। लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों के नतीजे कैराना में सपा की मजबूत स्थिति का संकेत देते हैं। थानाभवन में मुकाबला सबसे करीबी, 687 वोटों का अंतर थानाभवन विधानसभा सीट पर 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और भाजपा के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। यहां सपा को 85,904 और भाजपा को 85,217 वोट मिले। दोनों के बीच केवल 687 वोटों का अंतर था। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में रालोद के अशरफ अली खान ने 1,03,751 वोट लेकर जीत दर्ज की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)