2027 का चुनाव नहीं लड़ेंगी संगीता बलवंत:बोलीं- दूसरे कार्यकर्ता को मौका मिलना चाहिए, कहा- चर्चा से भागता है विपक्ष
गाजीपुर में राज्यसभा सांसद और भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से चर्चा में शामिल होकर अपनी बात रखने को कहा। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी के सवाल पर उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार किया। सांसद ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने हमे राज्यसभा भेजकर जिम्मेदारी दी है। अब पार्टी के किसी दूसरे कार्यकर्ता या पदाधिकारी को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। वह ऐसे कार्यकर्ता को जिताकर लखनऊ भेजने के लिए काम करेंगी। शनिवार देर शाम करीब छह बजे बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खुले मंच पर किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहती है। जब भाजपा चर्चा के लिए समय देती है और विपक्षी दलों को बैठक में बुलाती है, तो वे शामिल नहीं होते। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष आरोप लगाने और हंगामा करने में लगा रहता है। बलवंत ने विपक्ष की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा, 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे।' उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अनुसूचित जाति-जनजाति समेत सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के संकल्प पर कायम है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत पर बलवंत ने कहा कि दोनों दलों में सीटों को लेकर मतभेद हैं। उन्होंने कहा कि ये मतभेद चुनाव के दौरान भी दिखाई देंगे। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसे 'ठगबंधन' बताया। कहा कि प्रदेश की जनता विपक्ष की राजनीति समझ चुकी है और इनके छलावे में नहीं आएगी। बलवंत ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2017 में लिखा इतिहास 2027 में फिर दोहराएगी और प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाएगी। ओबीसी महिलाओं को प्रतिनिधित्व दे रही भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन कराने और इससे ओबीसी महिलाओं को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने के विपक्ष के आरोपों पर डॉ. संगीता बलवंत ने भाजपा सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार महिलाओं, युवाओं, गरीबों, ओबीसी, दलितों और अनुसूचित जाति-जनजाति सहित सभी वर्गों के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। महिलाओं के सम्मान और भागीदारी को लेकर भाजपा की सोच का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः' के सिद्धांत को आत्मसात करती है। यही कारण है कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू आसीन हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में भी भाजपा ने ओबीसी और दलित समाज की महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। बिंद समाज से डॉ. संगीता बलवंत, मौर्य समाज से गीता शाक्य और प्रियंका रावत तथा सुमित्रा वाल्मीकि इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम कर रही है। हालांकि, ओबीसी महिलाओं के लिए अलग राजनीतिक आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। परिसीमन पर विपक्ष की आशंकाओं का दिया जवाब 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अनुसूचित जाति-जनजाति सहित सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास' के मंत्र पर काम कर रही है। विपक्ष को आरोप लगाने के बजाय चर्चा में शामिल होकर अपनी आशंकाएं सामने रखनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)