प्रयागराज में आज अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं में भरेंगी चुनावी जोश:अपना दल (एस) की विजय संकल्प रैली, चुनाव से पहले करेंगे शक्ति प्रदर्शन
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एनडीए गठबंधन के प्रमुख घटक दल अपना दल (एस) आज रविवार, 29 नवंबर को प्रयागराज में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। पार्टी की ओर से अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में विजय संकल्प रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के साथ पार्टी के सभी 13 विधायक भी शामिल होंगे। इस आयोजन के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने, संगठन को मजबूत करने और अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराने की तैयारी में है। 403 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों के लिए करेगी प्रचार अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि उनकी पार्टी एनडीए गठबंधन का अहम हिस्सा है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेगी और उनके लिए वोट मांगेगी। हालांकि, अपना दल (एस) खुद कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व गठबंधन के स्तर पर करेगा। 2022 में 18 सीटों पर हुआ था समझौता, 13 विधायक हैं नागेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) को गठबंधन के तहत 18 सीटें मिली थीं। इनमें पार्टी ने 17 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद रामपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी पार्टी के प्रत्याशी ने जीत हासिल की। इस तरह विधानसभा में पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। उन्होंने अपना दल (एस) को उत्तर प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी बताया। बारा विधायक बोले- पूरी हो चुकी हैं तैयारियां यमुनापार की बारा विधानसभा सीट से अपना दल (एस) के विधायक वाचस्पति ने बताया कि विजय संकल्प रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक सरदार पटेल संस्थान पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना और एनडीए गठबंधन को मजबूत करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)