मेरठ में पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागा बदमाश:मुठभेड़ के दौरान सूखे बंबे में बाइक समेत गिरा, तमंचा और कारतूस मिले

Nov 29, 2026 - 08:31
0
मेरठ में पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागा बदमाश:मुठभेड़ के दौरान सूखे बंबे में बाइक समेत गिरा, तमंचा और कारतूस मिले
मेरठ के पल्लवपुरम थाना पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र अभियान के तहत चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी बाइक समेत सूखे बंबे में गिरकर घायल हो गया। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी कब्जे में ले ली है। दुल्हैड़ा बंबे के पास चल रही थी चेकिंग पुलिस के अनुसार, पल्लवपुरम थाने में दर्ज मुकदमा में सिवाया निवासी सोहेल पुत्र नसीम वांछित था। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज है। शनिवार देर रात थानाध्यक्ष भरत सारस्वत के नेतृत्व में पुलिस टीम दुल्हैड़ा बंबे के पास लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रोकने पर पुलिस टीम पर चलाई गोली इसी दौरान पुलिस ने काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस का आरोप है कि युवक ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और बाइक लेकर भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और घेराबंदी शुरू कर दी। भागने के दौरान आरोपी बाइक समेत सूखे बंबे में गिर गया। इससे उसके बाएं पैर और बांह में चोट लग गई। तमंचा और कारतूस बरामद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तमंचे की नाल में फंसा एक खोखा कारतूस मिला। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए दौराला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 22 साल है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User