24 नवंबर को संगम पर मनेगी देव दीपावली:DM ने तैयारियों को लेकर की बैठक, सुरक्षा, पार्किंग, सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश
प्रयागराज में 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व भव्य और दिव्य रूप में मनाया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संगम सभागार में अधिकारियों और गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि देव दीपावली के मुख्य आयोजन संगम क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। घाटों पर दीपों को व्यवस्थित ढंग से जलाने के लिए सेक्टरवार व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ सिविल डिफेंस, एनसीसी और अन्य संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था रहेगी दुरुस्त जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रखने के निर्देश दिए गए। घाटों से लेकर चौराहों तक होगी लाइटिंग देव दीपावली पर संगम क्षेत्र के साथ शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को भी रोशनी से सजाया जाएगा। बिजली विभाग, प्रयागराज विकास प्राधिकरण और नगर निगम को विद्युत सजावट और प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत सुरक्षा के मानकों का पालन करने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी। एनएचएआई को पुलों पर लाइटिंग कराने के लिए कहा गया है। पार्किंग और साफ-सफाई पर भी रहेगा जोर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डीएम ने पार्किंग प्लान तैयार कर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों पर साइनेज लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को रास्तों और पार्किंग स्थलों की जानकारी मिल सके। नगर निगम को साफ-सफाई, पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि देव दीपावली के आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने पारंपरिक तैयारियों के साथ लोगों के सुझाव और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे सहित पुलिस, मेला और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)