25 दिन की बेटी को गोद देने पहुंची थी मां:अलीगढ़ में बाल कल्याण समिति ने बच्ची को निगरानी में लिया, फिलहाल मां के साथ रहेगी मासूम
पांच बच्चों का पालन-पोषण मुश्किल हुआ तो मां अपनी 25 दिन की नवजात बेटी को दूसरे परिवार को सौंपने पहुंच गई। पति की शराब पीने की आदत, अनियमित मजदूरी और आर्थिक तंगी से परिवार जूझ रहा है। शुक्रवार को महिला को नवजात के साथ जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। काउंसलिंग के बाद समिति ने लिखित प्रक्रिया के तहत बच्ची को अपनी निगरानी में ले लिया। फिलहाल मासूम मां के साथ ही रहेगी। तीन हजार रुपये किराया, मजदूरी से चलता है घर महिला सोनी क्वार्सी क्षेत्र के जाकिर नगर की रहने वाली है। उसके पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। 25 दिन पहले पांचवीं संतान के रूप में बेटी पैदा हुई। सोनी के मुताबिक, पति शराब पीते हैं और नियमित काम नहीं करते। कभी 400 तो कभी 500-700 रुपये की मजदूरी मिलती है। तीन हजार रुपये महीने का मकान किराया, राशन और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। बच्चों के आधार कार्ड तक नहीं बनवा पा रही सोनी ने बताया कि वह किसी झगड़े के कारण नहीं, बल्कि अपनी परिस्थितियों से परेशान होकर घर से निकली थी। परिवार की जिम्मेदारियां अकेले संभालना मुश्किल हो रहा है। उसने बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पाने की समस्या भी बताई। उसका कहना है कि सरकार से आर्थिक मदद और योजनाओं का लाभ मिल जाए तो वह अपनी पांचों संतानों का पालन-पोषण खुद कर सकती है। सरकारी मदद के साथ परिवार की स्थिति भी देखेगी समिति जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शदाता गौरव चंदेल ने बताया कि महिला ने कार्यालय पहुंचकर स्वेच्छा से बच्ची को सरेंडर करने की इच्छा जताई थी। पूछताछ में आर्थिक तंगी और पति की शराब पीने की आदत वजह सामने आई। बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेश पर उसे अपनी निगरानी में लिया गया है। जरूरत पड़ने पर अपनाई जाएगी गोद देने की प्रक्रिया चंदेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पहले परिवार की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों का आकलन होगा। यदि इसके बाद बच्ची को गोद देने की जरूरत सामने आती है तो निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही दत्तक ग्रहण कराया जाएगा। फिलहाल बच्ची मां के साथ घर भेजी गई है और समिति उसकी लगातार निगरानी करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)