26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च:खड़गे करेंगे नेतृत्व, कांग्रेस ने मैनपुरी में तैयारियां तेज कीं, सपा से दो सीटों की मांग
मैनपुरी में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान और जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने मार्च की तैयारियों के साथ एसआईआर, मताधिकार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए वोटों की चोरी रोकने और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाया। 26 नवंबर को प्रदेशभर में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान की रक्षा और एसआईआर व मतदान में कथित गड़बड़ियों के विरोध में पूरे प्रदेश में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। लखनऊ में मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया। सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर उठे विवाद पर प्रकाश प्रधान ने कहा कि उन्होंने देश में हुई घटनाओं और सामने आए प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखी है। इस पर विवाद की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की ओर से कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर अनर्गल टिप्पणियां की जाती हैं। आतंकवाद से दूरी बनाए पाकिस्तान, तभी बातचीत संभव पाकिस्तान के साथ वार्ता के सवाल पर प्रकाश प्रधान ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद से दूरी नहीं बनाता, तब तक बातचीत सफल नहीं हो सकती। राहुल गांधी भी यही बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिखकर देना चाहिए कि वह आतंकवाद से दूर रहेगा, तभी वार्ता पर सहमति बन सकती है। मैनपुरी-कन्नौज में कांग्रेस को मिले हिस्सेदारी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर प्रकाश प्रधान ने कहा कि हाईकमान का निर्णय मान्य होगा, लेकिन मैनपुरी के कार्यकर्ताओं की मांग है कि समाजवादी पार्टी भी बड़ा दिल दिखाए। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के समय समझौता हुआ था कि रायबरेली और अमेठी में सपा अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी, जबकि मैनपुरी और कन्नौज में कांग्रेस प्रत्याशी नहीं उतारेगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अमेठी और रायबरेली में सपा को तीन-तीन और दो-दो सीटें देती है, तो मैनपुरी और कन्नौज में भी कांग्रेस को हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। चुनाव आयोग को भाजपा की बी टीम बताया जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने चुनाव आयोग को भाजपा की बी टीम बताते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग का शुद्धिकरण चाहती है और वोट चोरों को जेल भेजने की मांग कर रही है। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले इसमें प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और सुप्रीम कोर्ट के जज की भूमिका होती थी, लेकिन अब दो सदस्य सरकार के और एक विपक्ष का होता है। ऐसे में आयोग पर सरकार का दबाव रहता है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया। कुलश्रेष्ठ ने दावा किया कि 13 करोड़ 99 लाख वोटों की कटौती हुई है। एसआईआर के बाद काटे गए नाम फिर जुड़वाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी। नौ ब्लॉक और 85 मंडल कमेटियां गठित गोपाल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा सीटों पर संगठन की तैयारी चल रही है। जिले में नौ ब्लॉक, नौ नगर कमेटियां, 85 मंडल कमेटियां और 80 न्याय पंचायत कमेटियां बनाई जा चुकी हैं। आधे से अधिक बूथ कमेटियों पर भी काम हो चुका है। सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सम्मान की राजनीति होनी चाहिए। दो सीटें सपा और दो कांग्रेस को मिलनी चाहिए। कांग्रेस की मांग मैनपुरी सदर और भोगांव सीट की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)