दिव्यांगों के लिए 27 नवंबर से शिविर लगेंगे:नौ विकास खंडों में योजनाओं के आवेदन और सहायक उपकरणों के लिए होगा पंजीकरण
अम्बेडकरनगर के दिव्यांगजनों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत 27 नवंबर से 16 दिसंबर तक जिले के सभी नौ विकास खंड मुख्यालयों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन करने के साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी कराए जाएंगे।
शिविरों में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, कृत्रिम हाथ-पैर, बैसाखी, कान की मशीन और स्मार्ट केन जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना, दिव्यांग शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) के लिए भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को रामनगर, 28 नवंबर को जहांगीरगंज, एक दिसंबर को भियांव, चार दिसंबर को जलालपुर, आठ दिसंबर को बसखारी, 10 दिसंबर को कटेहरी, 11 दिसंबर को भीटी, 15 दिसंबर को टांडा और 16 दिसंबर को अकबरपुर विकास खंड मुख्यालय पर शिविर आयोजित होंगे। सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। आवेदन के लिए इच्छुक लोगों को आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक पासबुक की छायाप्रति साथ लानी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)