भारतीय किसान यूनियन (आजाद) ने किया संगठन विस्तार:मुकर्रम चौहान को अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष और कासिम कुरैशी को बनाया महानगर अध्यक्ष
भारतीय किसान यूनियन (आजाद) ने संगठन को मजबूत करने के लिए गांवों और शहर के वार्डों में विस्तार अभियान शुरू किया है। सोमवार को समर गार्डन स्थित शाहजहां कॉलोनी में संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन बालियान और जिला अध्यक्ष मुकुर राणा मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुकर्रम चौहान को अल्पसंख्यक मोर्चा का जिलाध्यक्ष और कासिम कुरैशी को महानगर अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान युवाओं ने संगठन की सदस्यता भी ली। गन्ने का भाव 600 रुपए क्विंटल करने की मांग राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन बालियान ने कहा कि गन्ने का पेराई सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक सरकार ने गन्ने का भाव घोषित नहीं किया है। किसानों को उम्मीद थी कि इस बार गन्ने का भाव बढ़ाकर कम से कम 500 से 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब चीनी 60 से 70 रुपए किलो तक पहुंच रही है तो किसानों को भी उनकी फसल का सही मूल्य मिलना चाहिए। संगठन जल्द ही गन्ने के दाम समेत किसानों की समस्याओं को लेकर मेरठ कमिश्नरी पर बड़ा आंदोलन करेगा। चुनाव में जाति-धर्म नहीं, किसानों के मुद्दे होंगे आधार नितिन बालियान ने आगामी विधानसभा चुनाव और राजनीतिक दलों की सक्रियता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दल किसानों के हितों की बात करने लगते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद किसानों की समस्याएं पीछे छूट जाती हैं। उन्होंने ओवैसी, चंद्रशेखर, अखिलेश, राहुल गांधी और भाजपा समेत अन्य दलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसान अब केवल चुनावी वादों पर भरोसा नहीं करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि संगठन किसी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा नहीं बनेगा। चुनाव में जो भी प्रत्याशी समर्थन मांगने आएगा, उसे किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, शिक्षा, चिकित्सा और महंगाई से जुड़े मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करना होगा। संगठन प्रत्याशियों को मांगपत्र देगा और उन्हीं के काम व मुद्दों के आधार पर समर्थन का फैसला करेगा। इस बार जाति और धर्म के बजाय किसानों और आम लोगों के मुद्दे चुनाव का आधार होंगे। सामाजिक भाईचारा मजबूत करने का संदेश नितिन बालियान ने मुकर्रम चौहान को अल्पसंख्यक मोर्चे का जिलाध्यक्ष बनाए जाने को सामाजिक भाईचारे की दिशा में कदम बताया। उन्होंने कहा कि संगठन चौधरी चरण सिंह और बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की विचारधारा पर चलते हुए समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखना चाहता है। किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं को लेकर संगठन गांवों और शहर के अलग-अलग वार्डों में सदस्यता अभियान जारी रखेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)