जेपीएस राठौर बोले- सपा-कांग्रेस का गठबंधन बेमेल विवाह:ज्यादा दिन नहीं चलेगा, 2027 में बनेगी BJP सरकार
संभल में राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के संभावित गठबंधन पर निशाना साधा। सपा-कांग्रेस के गठबंधन को बेमेल विवाह बताते हुए कहा कि यह ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि ओवैसी की तरफ से लिफ्ट मिल गई तो हो सकता है कि समाजवादी पार्टी उनकी पिछलग्गू पार्टी बन जाए। सोमवार दोपहर दो बजे जेपीएस राठौर एकता विहार कॉलोनी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे थे। ओवैसी और चंद्रशेखर को साथ लाना चाहती है सपा जेपीएस राठौर ने कहा कि विपक्षी दल गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वे ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को भी अपने साथ लाना चाहते हैं, लेकिन अभी ओवैसी उन्हें घास नहीं डाल रहे हैं। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के लिए इस स्तर तक जाने को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा पहले भी ओवैसी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने और बातचीत करने की कोशिश करती रही है, लेकिन बाद में उन्हें भाजपा की बी पार्टी कहती है। राठौर ने कहा कि सपा एक वर्ग के वोटों को एकजुट करने के लिए राजनीतिक रणनीति बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी लंबी लकीर खींचने में भरोसा रखती है, जबकि विपक्षी दल गठबंधन बनाकर अपनी गुत्थी और उलझा लेंगे। अखिलेश यादव ने अपनी यात्रा की शुरुआत कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से की है। इससे उन्होंने संदेश दे दिया है कि वे कांग्रेस के साथ चलने के इच्छुक नहीं हैं। राठौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को पहले दिन से दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन बेमेल विवाह है और यह चलने वाला नहीं है। ओवैसी की राजनीति को बताया विभाजनकारी ओवैसी की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए राठौर ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश में मुस्लिम लीग जैसी राजनीति करना चाहते हैं। वे मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट कर प्रतिनिधित्व की मांग कर रहे हैं। राठौर ने इसे विभाजनकारी राजनीति बताते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में ऐसी राजनीति को बढ़ने नहीं देगी। आजम खां और राहुल गांधी के बयानों पर भी बोले आजम खां की जेल से रिहाई के बाद अखिलेश यादव के उनसे मिलने नहीं पहुंचने के सवाल पर राठौर ने कहा कि अखिलेश यादव जाएंगे या नहीं, यह उनसे पूछना चाहिए। राहुल गांधी के आरएसएस को पुरुषवादी संगठन बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले संघ की शाखा में जाकर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी संघ के कार्यक्रम में गए थे। संघ राष्ट्र निर्माण का काम करता है और यह राहुल गांधी की समझ से परे है। सरकार की उपलब्धियां गिनाईं राज्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। विकास कार्यों के साथ एक्सप्रेसवे और औद्योगिक विकास को गति मिली है। युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं और महिलाओं को सुरक्षा मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति 'सबका साथ, सबका विकास' की है। भाजपा को वोट नहीं देने वालों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। राठौर ने दावा किया कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)