3700 रुपये के ट्रांजेक्शन में उलझी मौत की कहानी:2500, 1000 और 200 रुपए के तीन डिजिटल पेमेंट जांच के अहम सुराग

Nov 22, 2026 - 08:48
0
3700 रुपये के ट्रांजेक्शन में उलझी मौत की कहानी:2500, 1000 और 200 रुपए के तीन डिजिटल पेमेंट जांच के अहम सुराग
अम्बेडकरनगर। रामनगर बाजार स्थित स्पा सेंटर में अजय निषाद की मौत के मामले में 3700 रुपए के तीन डिजिटल ट्रांजेक्शन पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। शुक्रवार (20 नवंबर) शाम हुई घटना से पहले 2500, 1000 और 200 रुपए के भुगतान हुए थे। पुलिस इन ट्रांजेक्शन के समय और वजह का पता लगाकर सेंटर के सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और कर्मचारियों के बयानों से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। तीनों पेमेंट किस समय और किस वजह से हुए? पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल तीनों डिजिटल भुगतान के समय और उनकी वजह को लेकर है। क्या तीनों ट्रांजेक्शन एक ही सेवा के लिए किए गए थे या इनके पीछे अलग-अलग कारण थे? आखिरी 200 रुपए का भुगतान किस परिस्थिति में हुआ? इन सवालों के जवाब से सेंटर के भीतर अजय के बिताए समय की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज और एंट्री रजिस्टर खंगाल रही पुलिस पुलिस ने स्पा सेंटर का डीवीआर और एंट्री रजिस्टर कब्जे में लिया है। अब फुटेज में अजय के प्रवेश से लेकर बाहर निकलने अथवा तबीयत बिगड़ने तक की गतिविधियों का मिलान किया जा रहा है। सेंटर में उस दौरान मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों की पहचान भी जांच का हिस्सा है। तबीयत बिगड़ने के बाद क्या हुआ? अजय की तबीयत बिगड़ने के बाद सबसे पहले किसने मदद की पहल की, उसे अस्पताल ले जाने का फैसला किसने लिया और सेंटर से अस्पताल पहुंचने में कितना समय लगा? पुलिस इन बिंदुओं की भी जांच कर रही है। घटनाक्रम के इस हिस्से से मौत से पहले की परिस्थितियों का पता चल सकता है। गन्ना बेचने बाजार आए थे अजय बह्रामपुर निषाद बस्ती के रहने वाले अजय निषाद शुक्रवार को बड़े भाई सुनील के साथ गन्ना बेचने रामनगर बाजार आए थे। गन्ना बेचने के बाद सुनील घर लौट गए, जबकि अजय ने कुछ देर बाद आने की बात कही थी। रात करीब 9 बजे सुनील ने फोन किया तो पुलिसकर्मियों ने फोन उठाकर अजय की मौत की सूचना दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया अजय के परिजनों ने स्पा सेंटर संचालक और मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मैनेजर प्रवीण गौड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सेंटर सील है। शनिवार (21 नवंबर) को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एएसपी पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User