महंगे सरकारी बीज के कारण आलू की बिक्री कम हुई:अम्बेडकरनगर में 109 क्विंटल में से 75 क्विंटल ही बिका, करीब 50 बोरियों का बीज गोदाम में पड़ा

Nov 22, 2026 - 07:25
0
महंगे सरकारी बीज के कारण आलू की बिक्री कम हुई:अम्बेडकरनगर में 109 क्विंटल में से 75 क्विंटल ही बिका, करीब 50 बोरियों का बीज गोदाम में पड़ा
अम्बेडकरनगर में रबी सीजन में किसानों को बीज देने की उद्यान विभाग की योजना महंगे दाम के कारण पूरी नहीं हो सकी। विभाग के पास करीब 109 क्विंटल आलू का बीज था, लेकिन लगभग 75 क्विंटल ही बिक पाया। बाकी बीज गोदाम में पड़ा है। करीब 50 बोरियों में रखा बीज खराब होने और सड़ने की स्थिति में है। विभाग की मूल्य सूची के मुताबिक, आलू की अलग-अलग प्रजातियों का संशोधित विक्रय मूल्य 2040 से 2630 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था। इसमें शासन की ओर से प्रति क्विंटल 1000 रुपये की छूट शामिल थी। इसके बावजूद किसानों को बाजार में करीब 1500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बीज मिल रहा था। इसलिए उन्हें सरकारी बीज महंगा लगा और उन्होंने इसे खरीदने में रुचि नहीं दिखाई। विभाग की सूची में कुफरी सिंदूरी और कुफरी पुखराज सीड साइज का दाम 2630 रुपये प्रति क्विंटल था। कुफरी पुखराज ओवर साइज का दाम 2040 रुपये और कुफरी चिप्सोना-1 का दाम 2480 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था। विभाग के पास इन चारों प्रजातियों का कुल 109 क्विंटल बीज था। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, किसानों की कम रुचि देखते हुए कई बार विक्रय मूल्य बदला गया। फिर भी बाजार के मुकाबले कीमत ज्यादा होने से बिक्री नहीं बढ़ी। बचा हुआ बीज अब गोदाम में रखा है और समय पर नहीं बिकने से इसके खराब होने का खतरा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User