42 ग्रामीण डाक सेवकों के जांच में प्रमाणपत्र फर्जी निकले:गोंडा और बलरामपुर में 22 की सेवा खत्म, 16 का चयन रद्द
गोंडा डाक मंडल में वर्ष 2024-25 की ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। गोंडा और बलरामपुर जिलों में नियुक्त 42 ग्रामीण डाक सेवकों के हाईस्कूल समकक्ष प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए गए हैं। ये सभी प्रमाणपत्र बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के नाम से लगाए गए थे। मामला सामने आने के बाद डाक विभाग ने 22 कार्यरत ग्रामीण डाक सेवकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। वहीं, 16 चयनित अभ्यर्थियों का चयन निरस्त कर दिया गया है। इससे पहले 4 अन्य अभ्यर्थियों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। डाक अधीक्षक गोंडा मंडल एसपी राय ने बुधवार सुबह 9:30 बजे कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों को सत्यापन के लिए संबंधित बोर्ड भेजा गया था। बोर्ड से मिली रिपोर्ट में 42 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। इसके आधार पर सोमवार देर शाम करीब 5 बजे 22 कार्यरत कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया। 22 की नौकरी गई, 16 का चयन निरस्त विभागीय कार्रवाई के तहत 22 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है। वहीं, 16 ऐसे चयनित अभ्यर्थियों का चयन निरस्त किया गया है, जिन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में फर्जी प्रमाणपत्र लगाए थे। इससे पहले 4 अन्य अभ्यर्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है। इस तरह जांच में फर्जी प्रमाणपत्र लगाने वाले सभी 42 अभ्यर्थियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है। संगठित गिरोह की भूमिका की आशंका एक ही बोर्ड के नाम से जारी 42 प्रमाणपत्र फर्जी मिलने के बाद मामले में संगठित गिरोह की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि अभ्यर्थियों ने ये प्रमाणपत्र कहां से और किसके माध्यम से हासिल किए थे। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और भर्ती में उनका इस्तेमाल करवाने वालों की पहचान भी की जा रही है। कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा पत्र डाक अधीक्षक एसपी राय के अनुसार, सेवा समाप्ति के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई उनके निर्देशों के अनुसार की जाएगी। हाईस्कूल के अंकों से तैयार होती है मेरिट ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है। इसके लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित होती है। चयन हाईस्कूल में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट से किया जाता है। ऐसे में शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)