50 हजार का इनामी गैंगस्टर जबलपुर से गिरफ्तार:श्रावस्ती पुलिस और यूपी एसटीएफ की कार्रवाई; गोंडा निवासी आरोपी लंबे समय से फरार था
श्रावस्ती में कोतवाली भिनगा पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात्रि 7:00 बजे पुलिस ने बताया कि यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अभियुक्त नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत थी। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर पुरस्कार घोषित और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसटीएफ की टीम ने 12 नवंबर 2026 को जबलपुर के थाना हनुमानताल क्षेत्र स्थित कसाई मंडी चौराहा, कब्रिस्तान के सामने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नौशाद उर्फ मुन्ना पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी इमामबाड़ा मोहल्ला गरीब नवाज, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली भिनगा में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 के तहत धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त का जबलपुर में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसे वहां की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय से 14 नवंबर को शाम चार बजे तक का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त होने के बाद आरोपी को श्रावस्ती लाया गया। शनिवार को अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा रिमांड के लिए भिनगा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु रवाना किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)