फर्जी खतौनी से लोन लेने पर दो को नोटिस:सोनभद्र की सहकारी समिति ने मांगा जवाब, जांच शुरू
सोनभद्र की बी-पैक्स सहकारी समिति केकराही से कथित तौर पर फर्जी खतौनी लगाकर किसान ऋण लेने का मामला सामने आया है। करमा थाना क्षेत्र के कुचमरवा गांव के पिता-पुत्र पर दस्तावेज देकर ऋण लेने का आरोप है। शिकायत के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है और दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
समिति अध्यक्ष रामसेवक सिंह और सचिव धीरज त्रिपाठी के मुताबिक, कुचमरवा निवासी रामेश्वर दत्त मिश्र और उनके पुत्र वैभव मिश्र ने ऋण के लिए खतौनी जमा की थी। इसकी ऑनलाइन जांच में ग्राम कुचमरवा के गाटा संख्या 113 मि., खाता संख्या 00065 में 1.090 हेक्टेयर रकबा दर्ज दिखाया गया। हालांकि, ऑनलाइन रिकॉर्ड में केवल 0.0900 हेक्टेयर जमीन दर्ज मिली।
कसया खुर्द गांव की चकबंदी विभाग की हस्तलिखित खतौनी भी पहली नजर में संदिग्ध मिली। उसमें खाता संख्या 30 और गाटा संख्या 21 व 127 में 1.3380 हेक्टेयर रकबा दर्ज है।
सचिव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद रिकॉर्ड की जांच कराई गई। ऑनलाइन जानकारी में अंतर मिलने पर दोनों किसानों को नोटिस दिया गया है। उनसे तहसीलदार से प्रमाणित खतौनी देने और अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कूटरचित दस्तावेज जमा करने, समिति के साथ धोखाधड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजय वर्मा ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में किसान दोषी पाए गए या संबंधित कर्मचारियों की भूमिका सामने आई, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
ऋण देने से पहले खतौनी और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड की जांच की व्यवस्था है। इसके बावजूद संदिग्ध दस्तावेजों पर ऋण जारी होने की बात भी जांच के दायरे में है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इसमें कितने लोग शामिल हैं और ऋण देने में कहां लापरवाही हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)