बच्चों को टहला रहे नारियल विक्रेता पर हमला:सहारनपुर में दो युवकों ने सिर-गर्दन पर रॉड और सरिये से वार किए

Oct 29, 2026 - 13:12
0
बच्चों को टहला रहे नारियल विक्रेता पर हमला:सहारनपुर में दो युवकों ने सिर-गर्दन पर रॉड और सरिये से वार किए
सहारनपुर के खानआलमपुरा में बच्चों को टहला रहे नारियल विक्रेता राशिद पर दो युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने खाई-बाड़ी के धंधे में पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाकर लोहे की रॉड और सरिये से उनके सिर और गर्दन पर वार किए। जनकपुरी थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह 9 बजे राशिद की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, खानआलमपुरा निवासी राशिद पुत्र मोहम्मद अय्यूब रेलवे स्टेशन और शहर की सड़कों पर घूमकर कच्चे नारियल बेचते हैं। राशिद ने तहरीर में बताया कि 26 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह काम से घर लौटे थे। इसके बाद वह घर के बाहर अपने बच्चों को टहला रहे थे। राशिद के मुताबिक, इसी दौरान माहीपुरा निवासी तसलीम उर्फ मान्नी और खानआलमपुरा निवासी आमीश उर्फ बल्ला पुत्र गुड्डू वहां पहुंचे। दोनों शराब के नशे में थे और आते ही गाली-गलौज करने लगे। फिर खाई-बाड़ी के धंधे में पुलिस को मुखबिरी करने का आरोप लगाकर उन पर हमला किया। राशिद का आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड और सरिये से उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए। शोर सुनकर सारुका पुत्र सलीम, साजिद और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर राशिद को बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि दोबारा पुलिस से मुखबिरी की तो जान से मार देंगे। घायल राशिद का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। उनके सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं। सीओ नगर द्वितीय विकास प्रताप चौहान ने बताया कि राशिद की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User