आगरा में दिवाली पर पटाखों से लापरवाही पड़ी भारी:झुलसने से 37 मरीज पहुंचे एसएन मेडिकल, 7 गंभीर का चल रहा इलाज

Nov 09, 2026 - 21:01
0
आगरा में दिवाली पर पटाखों से लापरवाही पड़ी भारी:झुलसने से 37 मरीज पहुंचे एसएन मेडिकल, 7 गंभीर का चल रहा इलाज
आगरा में दिवाली पर पटाखे जलाने में लापरवाही और बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से झुलसने के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं मौसम में बदलाव और प्रदूषण के कारण सांस, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज में पटाखों से झुलसने के बाद 37 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें से 7 मरीजों की हालत अधिक झुलसने के कारण गंभीर थी, जिन्हें बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है। हालांकि, सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि दिवाली पर इमरजेंसी में अतिरिक्त व्यवस्था की गई थी। पटाखों से झुलसने के 9 मरीज इलाज के लिए इमरजेंसी पहुंचे। वहीं, बर्न यूनिट की ऑनलाइन ओपीडी में 21 मरीजों ने उपचार लिया। इनके चेहरे, हाथ और गर्दन पर जलने की चोटें थीं। हालत गंभीर नहीं होने पर इन्हें फोन पर ही दवाएं लिख दी गईं। अधिक झुलसने वाले 7 मरीजों को बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है। इनका इलाज चल रहा है। बर्न यूनिट प्रभारी डॉ. दीपशिखा ने बताया कि ऑनलाइन ओपीडी में आए 21 मरीजों में अधिकांश बच्चे थे। पटाखों से जलने की परेशानी होने पर लोग 9412715308 पर फोन करके परामर्श ले सकते हैं। सांस और अस्थमा के मरीज भी बढ़े मौसम में बदलाव और प्रदूषण बढ़ने से सांस, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। एसएन मेडिकल कॉलेज के वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि प्रदूषण के कारण ओपीडी में सीने में जकड़न, छाती में दर्द, सूखी खांसी और बलगम आने में परेशानी वाले मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। विभाग में 9 मरीज भर्ती किए गए हैं, जिनमें अस्थमा अटैक के दो मरीज शामिल हैं। अन्य मरीज सांस और अस्थमा की परेशानी से पीड़ित हैं। हालत बिगड़ने पर कुछ मरीजों को ऑक्सीजन भी देनी पड़ रही है। नाक-कान और गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिल प्रताप सिंह ने बताया कि धूल-धुएं के कारण लोगों को नाक में एलर्जी की समस्या हो रही है। वहीं, गले में खराश और सूजन के कारण दर्द की परेशानी भी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण का स्तर बढ़ने से आने वाले दिनों में ऐसे मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User