आगरा टीचर मर्डर केस, सीसीटीवी में दिखा एक युवक:दो बिंदुओं पर चल रही जांच, शरीर पर चोट के 9 निशान
आगरा के आवास विकास कॉलोनी के वीएस प्लाजा में मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि अभी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने अब मृतक के परिचितों और दोस्तों की लिस्ट बनाई है। वहीं, कुछ स्टूडेंट से भी पुलिस ने पूछताछ की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गला रेतने के अलावा शिक्षक के शरीर पर सात प्रहार और नौ जगह चोट के निशान मिले हैं। वहीं, पुलिस टीचर की स्कूटी की भी तलाश कर रही है।
कानपुर देहात के मूल निवासी गणित शिक्षक ओमप्रकाश यादव (58) आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-7 में शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में पढ़ाते थे। 30 साल से आगरा में रह रहे थे। सेक्टर-13 में मकान किराए पर लिया था। वह सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा में कोचिंग चला रहे थे। वह 2 नवंबर को कोचिंग आए लेकिन घर नहीं लौटे। अगले दिन स्टूडेंट आए तो कोचिंग बंद थी। शुक्रवार को कोचिंग में जमीन पर शव पड़ा मिला। वह क्लास 9 व 10वीं के स्टूडेंट पढ़ाते थे।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि कुछ स्टूडेंट से पूछताछ की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। शिक्षक की एक महिला से बातचीत लगातार हो रही थी। वह घटना के समय आगरा से बाहर थी। इसके अलावा भी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। डिटेल आने पर पता चलेगा कि शिक्षक की किन-किन लोगों से बात होती थी। हत्या का कनेक्शन स्कूल है या कोचिंग, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गर्दन, छाती और गाल पर मारा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि शिक्षक के शरीर पर चोट के 9 निशान थे। इनमें से 7 निशान किसी धारदार हथियार के हैं। पुलिस मान रही है कि टीचरऔर हत्यारे के बीच में संघर्ष हुआ हो, जिससे इतनी चोट आई है। ऐसा भी हो सकता है कि आरोपी ने गुस्से में छाती, कान, जांघ, पेट और गाल पर प्रहार किए हो।
स्कूटी लेकर जाता दिखा युवक
एसीपी ने बताया कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं गए। सीधे कोचिंग पर आ गए। शाम तकरीबन सात बजे तक बैच लिए। इसके बाद ही उनकी हत्या की आशंका है। एक युवक उनकी स्कूटी लेकर जाता सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर आया है। वह अंदर के रास्ते से निकला। वहीं कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से रेपिस्ट लिखा था। पुलिस मान रही है कि यह जांच को भटकाने के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि इस बिंदु को भी पुलिस ने छोड़ा नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)