9 साल की शादी, संतान नहीं, महिला ने खाया जहरीला-पदार्थ:महोबा के जिला अस्पताल में भर्ती, बोली - दूसरे बच्चों को देखकर होता है दर्द
महोबा के कुलपहाड़ में शादी के नौ साल बाद भी संतान न होने से परेशान महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का इमरजेंसी वार्ड में उपचार चल रहा है। दूसरे बच्चों को देखकर सताता था मां न बन पाने का दर्द कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के टौरियापुरा मोहल्ले में रहने वाली 27 साल की शगुन की शादी साल 2017 में बिलरही गांव के रहने वाले अशोक के साथ हुई थी। शादी के करीब नौ साल बाद भी दंपति को संतान नहीं हुई। मंगलवार सुबह इसी तनाव में शगुन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले गए। वहां से सुबह करीब 11 बजे उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शगुन ने बताया कि परिवार में उसे कोई प्रताड़ित नहीं करता और पति भी उसका पूरा ख्याल रखते हैं। लेकिन दूसरे बच्चों को देखकर उसे संतान न होने का दर्द सताने लगता था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया। इलाज पर खर्च हो चुके हैं तीन लाख रुपए शगुन की सास सियारानी ने बताया कि बहू को संतान न होने की चिंता रहती थी। परिवार ने उसका काफी इलाज भी कराया। ससुर कल्लू के मुताबिक, इलाज पर करीब ढाई से तीन लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच कभी-कभी विवाद भी होता था। जिला अस्पताल के डॉक्टर अमित ने बताया कि महिला को अज्ञात जहरीला पदार्थ खाने के बाद भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)