DDU वार्षिक एथलेटिक मीट का भव्य समापन:शिक्षकों के मुकाबले बने आकर्षक, एथलेटिक एसोसिएशन ने कुलपति की टीम को हराया
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और इससे जुड़े कॉलेजों की तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में शानदार समापन हो गया। इस पूरे आयोजन में कुल 477 खिलाड़ियों ने 44 अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया। अंतिम दिन शिक्षकों के रोचक मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे, जिसमें रस्साकशी में एथलेटिक एसोसिएशन की टीम ने कुलपति की टीम को हरा दिया। वहीं, महिला शिक्षकों की म्यूजिकल चेयर में प्रो. दिव्या रानी सिंह और 100 मीटर दौड़ में प्रो. अलका सिंह ने बाजी मारी।
6 से 12 साल के बच्चों को तराशना जरूरी- संजीव सिंह
समारोह के मुख्य अतिथि अर्जुन और द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित संजीव कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए खेल का मैदान ही सबसे बड़ा होता है। 2036 ओलंपिक की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि 6 से 12 साल के बच्चों की पहचान कर उन्हें शुरुआत से ही सही ट्रेनिंग देना जरूरी है। खेलों में स्पोर्ट्स लैब बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एआई और सिमुलेशन तकनीक से खिलाड़ियों की बारीकियों को समझकर उन्हें हाई-लेवल मुकाबलों के लिए तैयार किया जा सकता है। साथ ही स्पोर्ट्स साइंस में 6 महीने के इंटर्नशिप और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की जरूरत भी बताई, ताकि खिलाड़ियों के मन से हार का डर निकल सके। प्रतिभा परखने और सुविधाओं पर जोर- कुलपति
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने खेल के चार अहम पहलुओं- खिलाड़ियों का चयन, उनकी क्षमता का परीक्षण, सही टाइमिंग और सपोर्ट सिस्टम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में आखिरी तीन पहलुओं पर खास काम किया जा रहा है। खेलों से छात्रों में टीम भावना और आपसी तालमेल अपने आप विकसित होता है। इससे पहले क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. आमोद कुमार राय ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सचिव प्रो. राजवीर सिंह ने तीन दिन के मुकाबलों की पूरी रिपोर्ट पेश की। DSW बनीं म्यूजिकल चेयर चैंपियन
समापन समारोह को यादगार बनाने के लिए शिक्षकों की खास प्रतियोगिताएं कराई गईं। पुरुष शिक्षकों की रस्साकशी में एथलेटिक एसोसिएशन की टीम ने कुलपति की टीम को शिकस्त दी। महिला शिक्षकों की म्यूजिकल चेयर में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) प्रो. दिव्या रानी सिंह विजेता रहीं, जबकि 100 मीटर रेस में प्रो. अलका सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर क्रीड़ा परिषद के पदाधिकारी, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)