आजमगढ़ में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी:440 किलो से अधिक दूषित मिठाइयों को कराया गया नष्ट, 17 नमूने लिए गए
आजमगढ़ जिले में आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों और विनिर्माण प्रतिष्ठानों से कुल 17 नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, दूषित पाए गए 175 किलोग्राम छेने की मिठाई, 125 किलोग्राम मिल्क केक, 25 किलोग्राम गुलाब जामुन और 15 किलोग्राम छेने की मिठाई को मौके पर नष्ट कराया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य श्रवण कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान मंदुरी स्थित मिठाई निर्माण प्रतिष्ठान से गुलाब जामुन और छेने की मिठाई के तीन नमूने लिए गए। सदर क्षेत्र से बूंदी के लड्डू और चायपत्ती के चार नमूने संग्रहित किए गए। इस दौरान 175 किलोग्राम दूषित छेने की मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 65,625 रुपये है, जब्त कर नष्ट कराई गई। दूसरी टीम ने शाहगढ़ स्थित मिठाई निर्माण प्रतिष्ठान से मिल्क केक का नमूना लिया और 43,750 रुपये मूल्य का 125 किलोग्राम मिल्क केक नष्ट कराया। निजामाबाद में तैयार चाट, बेसन, नमकीन, मखाना, बूंदी और गुलाब जामुन के छह नमूने लिए गए। यहां 8,750 रुपये मूल्य का 25 किलोग्राम गुलाब जामुन नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में फूलपुर से सॉस और छेने की मिठाई के दो नमूने लिए गए। यहां 5,625 रुपये मूल्य की 15 किलोग्राम छेने की मिठाई नष्ट कराई गई। सगड़ी तहसील के लाटघाट से परवल की मिठाई का एक नमूना संग्रहित किया गया। अब तक लिए गए 55 नमूने
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 55 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। इस दौरान दूषित पाए जाने पर 25 किलोग्राम खोया, 95 किलोग्राम बूंदी का लड्डू, 95 किलोग्राम अन्य मिठाई, 175 किलोग्राम छेने की मिठाई, 125 किलोग्राम मिल्क केक, 25 किलोग्राम गुलाब जामुन और 15 किलोग्राम छेने का रसगुल्ला नष्ट कराया जा चुका है। सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि आगामी त्योहारों तक छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)