आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़:जानलेवा हमले के आरोपी अंकित यादव के पैर में लगी गोली
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। चौको बाजार में दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित अभियुक्त अंकित यादव पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुराने मुकदमे में सुलह नहीं करने पर किया था हमला
19 अक्टूबर 2026 को रामप्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह नहीं करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव, अंकित यादव समेत कुल 11 नामजद अभियुक्तों ने उनके और उनके भाई प्रशान्त यादव पर हमला किया था। आरोप है कि पहले मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर दोनों को गिराया गया, फिर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। इस घटना में रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0428/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5)/109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 3:38 बजे जीयनपुर पुलिस अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मामले में वांछित अंकित यादव दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे घेरने का प्रयास किया तो आरोप है कि अभियुक्त ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकित यादव पुत्र लक्ष्मीकान्त यादव निवासी कटियारी, थाना घोसी, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह आजमगढ़ शहर में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। 19 अक्टूबर को सत्यम यादव के बुलाने पर वह चौको बाजार पहुंचा था, जहां पुराने मुकदमे में सुलह नहीं करने की रंजिश को लेकर रामप्रसाद यादव और प्रशान्त यादव पर अन्य आरोपियों के साथ हमला किया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)