आरोग्यधाम में कटे-फटे होंठ-तालू की मुफ्त सर्जरी होगी:चित्रकूट में 26 से 30 नवंबर तक कैंप लगेगा, 25 नवंबर को मरीजों की जांच
चित्रकूट के आरोग्यधाम में 26 से 30 नवंबर तक कटे-फटे होंठ और तालू की मुफ्त प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। दीनदयाल शोध संस्थान की ओर से लगाए जा रहे शिविर में पंजीकृत मरीजों का मुफ्त इलाज होगा। आरोग्यधाम के दंत रोग निवारण विभाग में पंजीकरण शुरू हो गया है। ऑपरेशन के लिए पंजीकृत मरीजों की 25 नवंबर को स्वास्थ्य जांच की जाएगी। जांच के बाद जरूरत के मुताबिक मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू होगा। आरोग्यधाम के दंत चिकित्सा विभाग के प्रभारी डॉ. वरुण गुप्ता ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन चित्रकूट आकर मरीजों का इलाज करेंगे। डॉ. गुप्ता ने बताया कि कटे-फटे होंठ और तालू की समस्या से पीड़ित बच्चों को सामाजिक संकोच और भेदभाव का सामना करना पड़ सकता है। सर्जरी के बाद बच्चों और युवाओं को सामान्य जीवन जीने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में दंत चिकित्सा सेवाएं बेहतर करने के लिए भी काम किया जा रहा है। चलित अस्पताल के जरिए दूर के गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। दीनदयाल शोध संस्थान ने चित्रकूट, सतना और आसपास के इलाकों के लोगों से शिविर के लिए बच्चों और युवाओं का पंजीकरण कराने की अपील की है। पंजीकरण आरोग्यधाम परिसर के दंत रोग निवारण विभाग के काउंटर पर कराया जा सकता है। मुफ्त पंजीकरण की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9232662326 पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)