आसपुर देवसरा में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव:घर से 100 मीटर दूर जंगल में देखा गया मनमोहन, मानसिक रूप से अस्वस्थ था
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत केतकरपुर गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, केतकरपुर निवासी 27 वर्षीय मनमोहन यादव पुत्र रामसेवक यादव शुक्रवार तड़के करीब चार बजे अचानक अपने घर से लापता हो गए थे। जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजन चिंतित होकर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश करने लगे। काफी खोजबीन के बाद भी मनमोहन का कुछ पता नहीं चल सका था। दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, मानसिक रूप से अस्वस्थ था मृतक दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित जंगलनुमा स्थान पर एक चिलबिल के पेड़ से मनमोहन का शव लटकते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। परिजनों के अनुसार, मनमोहन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी शिल्पा और दो छोटे मासूम बच्चों—पांच साल के शिवा और महज छह महीने के सूर्या—को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से पत्नी शिल्पा और बड़े भाई रवींद्र यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही हलका प्रभारी सचिन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)