अब सॉफ्टवेयर तय करेगा ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी:90 ड्यूटी प्वाइंट पर मैन्युअल सिस्टम खत्म, पुलिसकर्मियों को हर महीने मिलेगा नया जोन-स्पॉट

Nov 23, 2026 - 06:52
0
अब सॉफ्टवेयर तय करेगा ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी:90 ड्यूटी प्वाइंट पर मैन्युअल सिस्टम खत्म, पुलिसकर्मियों को हर महीने मिलेगा नया जोन-स्पॉट
मेरठ में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने में अब न सिफारिश चलेगी और न ही किसी तरह की मनमानी। किस पुलिसकर्मी की ड्यूटी कहां लगेगी और अगले महीने उसे किस प्वाइंट पर तैनात किया जाएगा, यह फैसला अब सॉफ्टवेयर करेगा। गाजियाबाद, वाराणसी और नोएडा की तर्ज पर मेरठ ट्रैफिक पुलिस भी अपनी ड्यूटी व्यवस्था को हाईटेक करने जा रही है। इसके लिए पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर सिस्टम तैयार किया गया है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने रविवार को एक कार्यक्रम में इस व्यवस्था का शुभारंभ कर दिया। सॉफ्टवेयर का ट्रायल अंतिम चरण में है। जल्द ही इसके जरिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगनी शुरू हो जाएगी। अभी तक मेरठ में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की व्यवस्था पूरी तरह मैन्युअल थी। एसपी ट्रैफिक कार्यालय से शहर के 90 ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती थी। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की ड्यूटी हर 10 दिन में बदली जाती थी जबकि ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) को 15 दिन तक एक ही स्थान पर तैनात रखा जाता था। ड्यूटी लगाने और प्वाइंट बदलने की इस व्यवस्था में कई तरह की शिकायतें सामने आती थीं। मनपसंद प्वाइंट पर ड्यूटी लगवाने से लेकर भ्रष्टाचार तक के आरोप लगते रहे हैं। शिकायतों के बाद एसपी ट्रैफिक ने तलाशा विकल्प एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने गाजियाबाद, नोएडा और वाराणसी समेत दूसरे शहरों की ड्यूटी व्यवस्था का अध्ययन किया। इसके बाद मेरठ में भी ऑटोमेटिक ड्यूटी सिस्टम लागू करने की पहल की। उच्चाधिकारियों से संपर्क कर इसके लिए तकनीकी विकल्प तलाशे गए। आखिरकार एक निजी कंपनी की मदद से पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर सिस्टम तैयार कराया गया। इसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का पूरा डाटा फीड कर दिया गया है। चार जोन में बंटेगा शहर, हर महीने बदलेगा जोन नई व्यवस्था में शहर को चार जोन में बांटा गया है। सॉफ्टवेयर इसी जोनल व्यवस्था के आधार पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करेगा। उदाहरण के तौर पर यदि किसी कांस्टेबल की ड्यूटी पहले महीने जोन-एक में लगती है तो अगले महीने सॉफ्टवेयर उसे जोन-दो में तैनाती देगा। इसके बाद दूसरे जोन में उपलब्ध ड्यूटी प्वाइंट के हिसाब से उसका नया स्पॉट निर्धारित होगा। इस तरह एक ही कर्मचारी लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनात नहीं रहेगा। 10 दिन की जगह अब एक महीने में बदलेगी ड्यूटी अभी तक कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल की ड्यूटी हर 10 दिन में बदलती थी। नई व्यवस्था में सॉफ्टवेयर एक महीने के अंतराल पर ड्यूटी प्वाइंट बदलेगा। यह बदलाव भी अपने आप होगा। अधिकारियों को हर बार कर्मचारियों की सूची तैयार करने और अलग-अलग प्वाइंट पर ड्यूटी निर्धारित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सॉफ्टवेयर उपलब्ध कर्मचारियों और निर्धारित जोन के अनुसार ड्यूटी का आवंटन करेगा। इससे ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता आने और पक्षपात की शिकायतें कम होने की उम्मीद है। क्या है पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर सिस्टम पुलिस डिप्लॉयमेंट सॉफ्टवेयर एक डिजिटल व्यवस्था है, जिसके जरिए पुलिसकर्मियों की उपलब्धता, उनकी संख्या और निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट के आधार पर तैनाती का प्रबंधन किया जाता है। इसमें पहले पुलिसकर्मियों का डाटा और ड्यूटी प्वाइंट फीड किए जाते हैं। इसके बाद तय नियमों के मुताबिक सॉफ्टवेयर कर्मचारियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात करता है। इसका उद्देश्य ड्यूटी आवंटन को मानवीय हस्तक्षेप से मुक्त करना, कर्मचारियों के बीच कार्य का संतुलन बनाना और बार-बार एक ही स्थान पर तैनाती की समस्या को कम करना है। मेरठ में भी इसी व्यवस्था के तहत चार जोन और 90 ड्यूटी प्वाइंट को आधार बनाया गया है। 356 से अधिक पुलिसकर्मियों का डाटा फीड एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग के पास 44 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, 111 हेड कांस्टेबल, 281 कांस्टेबल, आठ महिला हेड कांस्टेबल और 23 महिला कांस्टेबल हैं। इन सभी का डाटा सॉफ्टवेयर में फीड कर दिया गया है। कुल 467 पुलिसकर्मियों की जानकारी सिस्टम में दर्ज की गई है। फिलहाल इसका ट्रायल अंतिम चरण में है। जल्द ही सॉफ्टवेयर के माध्यम से ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों को भी मिलेगी राहत नई व्यवस्था लागू होने के बाद एसपी ट्रैफिक कार्यालय को हर 10 या 15 दिन में मैन्युअल ड्यूटी चार्ट तैयार करने की जरूरत नहीं होगी। सॉफ्टवेयर के माध्यम से ड्यूटी आवंटन होने से समय की बचत होगी। साथ ही किसी कर्मचारी को लगातार एक ही ड्यूटी प्वाइंट पर बनाए रखने की गुंजाइश भी कम होगी। अधिकारियों के मुताबिक, इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी। अब ट्रैफिक पुलिस में तैनाती को लेकर होने वाली शिकायतों पर भी काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User