अमेठी में दिवाली के लिए 65 एंबुलेंस तैनात:जिला अस्पताल में 10 बेड का बर्न वार्ड, 13 सीएचसी में पांच-पांच बेड रिजर्व

Nov 07, 2026 - 15:24
0
अमेठी में दिवाली के लिए 65 एंबुलेंस तैनात:जिला अस्पताल में 10 बेड का बर्न वार्ड, 13 सीएचसी में पांच-पांच बेड रिजर्व
दीपावली पर किसी भी घटना से निपटने के लिए अमेठी का स्वास्थ्य विभाग तैयार है। जिले के 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में पांच-पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। जिला अस्पताल में 10 बेड का विशेष बर्न वार्ड बनाया गया है। जिले की सभी 65 एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया है। इनमें 102 सेवा की 30, 108 सेवा की 31 और एएलएस की 3 एंबुलेंस शामिल हैं। अमेठी के सीएमओ अंशुमान सिंह ने बताया कि दीपावली के लिए पूरी तैयारी की गई है। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस को मौके पर भेजा जाएगा। पटाखों से जलने, आग लगने और आंखों में चोट लगने की घटनाओं को देखते हुए बर्न वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। दवाइयों, मलहम, इंजेक्शन और जरूरी उपकरणों का स्टॉक भी रखा गया है। सभी सीएचसी अधीक्षकों को अपने केंद्रों पर 24 घंटे स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों को अस्पताल भेजने में देरी न हो, इसके लिए एंबुलेंस चालकों को भी अलर्ट पर रखा गया है। सीएमओ ने लोगों से पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने और बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने देने की अपील की है। जलने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने को कहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User