बागपत में सायरन बजते ही ब्लैकआउट किया:मॉक ड्रिल में रेस्क्यू, आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास

Nov 22, 2026 - 21:29
0
बागपत में सायरन बजते ही ब्लैकआउट किया:मॉक ड्रिल में रेस्क्यू, आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास
बागपत। आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम विकास भवन परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति बनाकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की परीक्षा ली गई। इस दौरान सायरन बजते ही परिसर में आपात स्थिति जैसी हलचल शुरू हो गई और ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई गई। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर लोगों को घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें, इनवर्टर, जनरेटर सहित अन्य प्रकाश स्रोत बंद रखने का अभ्यास कराया गया। साथ ही वाहन चालकों को भी सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर लाइट बंद रखने के निर्देशों का पालन कराया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन चेतावनी मिलने पर आम नागरिकों को सुरक्षित रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक करना रहा। इसके बाद विकास भवन में लोगों के फंसे होने और घायल होने की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए। रेस्क्यू टीमों ने भवन के अंदर फंसे लोगों को स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई। इस दौरान पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने भी राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग किया। मॉक ड्रिल में पुलिस, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनसीसी, स्काउट-गाइड और युवा स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल, संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया की क्षमता को परखा गया। अभ्यास के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा कर व्यवस्थाओं में सुधार के बिंदु चिह्नित किए जाएंगे। इस दौरान अधिकारियों ने आपदा मित्र के रूप में युवाओं को तैयार करने और आम लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User