देवरिया में देर रात तक चला कवि सम्मेलन:देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाएं सुनाईं
देवरिया के जिला पंचायत सभागार में रविवार रात अखिल भारतीय देवारण्य कवि सम्मेलन हुआ। शाम 5 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, प्रेम और ओज की कविताएं सुनाई गईं। सभागार में मौजूद श्रोताओं ने तालियां बजाकर कवियों का उत्साह बढ़ाया। जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी मुख्य अतिथि रहे। बरहज विधायक दीपक मिश्रा शाका और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अजय मणि त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि थे। अतिथियों ने भोजपुरी कवि बादशाह प्रेमी के कविता संग्रह ‘मकई के लावा’ का विमोचन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह संग्रह भोजपुरी साहित्य और लोक संस्कृति को समृद्ध करने में भूमिका निभाएगा। डॉ. अजय मणि त्रिपाठी ने कहा कि देवरिया में देवारण्य कवि सम्मेलन का आयोजन साहित्य जगत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ‘मकई के लावा’ जैसे संग्रह भोजपुरी भाषा और संस्कृति को नई ऊर्जा देंगे। डॉ. अजय मणि त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी माटी, भाषा और संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने संयोजक डॉ. आशुतोष त्रिपाठी और सभी कवियों को आयोजन के लिए बधाई दी। सम्मेलन की शुरुआत आगरा से आईं कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी की सरस्वती वंदना से हुई। उन्होंने मां की ममता पर गीत सुनाया। उनकी पंक्तियां, ‘मुन्ना रूठे अम्बर से वह चांद दिखाती है, बच्चों के संग मैया भी बच्चा बन जाती है’, सुनकर श्रोताओं ने तालियां बजाईं। पं. भूषण त्यागी ने अपनी रचनाएं सुनाईं। उनकी पंक्ति ‘है अंधेरा घना, रोशनी चाहिए’ को श्रोताओं ने सराहा। चंदन द्विवेदी ने प्रेम पर आधारित रचनाएं सुनाईं। सम्मेलन के संयोजक डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने मंच पर आकर अपनी रचना ‘मेरा आशुतोष हूं अड़ जाता हूं, कितनी आंखों गड़ जाता हूं’ सुनाई। उनकी प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियां बजाईं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि डॉ. अनिल चौबे ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)