बांदा में पान लेते समय हाथ छूने पर विवाद:दलित युवक ने जातिसूचक गाली और मारपीट का लगाया आरोप

Sep 25, 2026 - 16:25
0
बांदा में पान लेते समय हाथ छूने पर विवाद:दलित युवक ने जातिसूचक गाली और मारपीट का लगाया आरोप
बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के मसूरी गांव में पान लेते समय हाथ छू जाने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। दलित युवक राममिलन ने गांव के संतोष यादव और उसके बेटे नवल किशोर उर्फ नुन्नू पर जातिसूचक गालियां देने, लाठी-डंडों से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। राममिलन का आरोप है कि आरोपियों ने उससे करीब 35 हजार रुपये भी छीन लिए। पीड़ित ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। राममिलन ने अपनी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर की शाम करीब 4 बजे वह सरकारी स्कूल के पास से गुजर रहा था। इसी बीच उसने संतोष यादव से पान मांगा। पीड़ित का आरोप है कि पान लेते समय राममिलन का हाथ संतोष यादव के हाथ से छू गया। इसके बाद संतोष गुस्से में आ गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगा। शिकायत के मुताबिक आरोप है कि संतोष ने लाठी से राममिलन के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान संतोष का बेटा नवल किशोर उर्फ नुन्नू भी वहां पहुंच गया। पीड़ित का आरोप है कि उसने भी राममिलन के साथ मारपीट की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। राममिलन ने बताया कि वह मजदूरों को ईंट-भट्ठे पर ले जाता है। घटना के समय उसकी जेब में मजदूरों के भुगतान के लिए करीब 35 हजार रुपये रखे थे। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान संतोष और उसके बेटे ने उसकी जेब से रुपये भी निकाल लिए। 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने अपने साले के मोबाइल से 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। राममिलन के मुताबिक, पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। पुलिस ने उसका मेडिकल जांच भी नहीं कराई। राममिलन ने जिलाधिकारी से मेडिकल जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और अपनी जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User