लखनऊ में वकीलों के चैंबरों पर आज नहीं चलेगा बुलडोजर:बार एसोसिएशन ने मांगा एक हफ्ते का समय, टली ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

Nov 29, 2026 - 11:34
0
लखनऊ में वकीलों के चैंबरों पर आज नहीं चलेगा बुलडोजर:बार एसोसिएशन ने मांगा एक हफ्ते का समय, टली ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
लखनऊ जिला कचहरी के आसपास बने अवैध चैंबरों पर रविवार को होने वाली ध्वस्तीकरण की कार्रवाई टाल दी गई है। बार एसोसिएशन ने इसके लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। इसके चलते नगर निगम ने आज की कार्रवाई स्थगित कर दी। वहीं, कचहरी परिसर के अंदर वकीलों को कई चैंबर अलॉट किए जाएंगे। नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि सर्वे में 106 अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं। इन पर कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई होनी है। इससे पहले 25 अक्टूबर को नगर निगम ने अभियान चलाकर 100 अवैध निर्माण ध्वस्त किए थे। अगली कार्रवाई में पुलिस, नगर निगम की ETF टीम, जिला प्रशासन के अधिकारी और फायर फाइटर्स की मौजूदगी प्रस्तावित है। पिछली कार्रवाई की 2 तस्वीरें… वकीलों ने किया विरोध बीते 25 अक्टूबर को लखनऊ के जिला कोर्ट में वकीलों के चैंबरों पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाए थे। इसका वकीलों ने विरोध किया। पहले वे सड़क पर बोरी बिछाकर बैठे, फिर नारेबाजी करते हुए खड़े होकर उग्र हो गए थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया। कार्रवाई के बाद वकीलों का गुस्सा बढ़ गया था। इस दौरान ध्वस्तीकरण में लगे एक बुलडोजर को रोककर वकील उसके ऊपर चढ़ गए थे। पहियों के सामने लेट गए थे। कई महिला वकील इस कार्रवाई पर रोने लगी थीं। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक कार्रवाई की गई, जिसमें 100 अवैध निर्माण को तोड़ा गया। पहले दो बार में 72 चैंबर टूटे इससे पहले वकील हाईकोर्ट में नगर निगम के खिलाफ अपील लेकर पहुंचे थे, जिसे खारिज कर दिया गया। मई से अगस्त के बीच दो बार में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके थे। नगर निगम ने वकीलों को नोटिस दिया था, जिस पर आईं 14 आपत्तियों पर समाधान भी दे दिया गया। यह कार्रवाई 11 अक्तूबर को होनी थी, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण और कोर्ट में अपील लंबित होने के कारण इसे टाल दिया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User