संभल में जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट:800 लोगों ने शांतिपूर्ण अदा की नमाज, पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
संभल में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल के एक विवादित बयान के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर था। राजेश सिंघल ने कहा था कि हरिहर मंदिर की जगह बनी मस्जिद गिराने पर गोली नहीं चलेगी, बल्कि योगी सरकार फूल बरसाएगी। शहर इमाम मौलाना आफताब हुसैन वारसी ने विवादित धार्मिक स्थल पर करीब 800 लोगों को नमाज अदा कराई। शुक्रवार दोपहर 1:40 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की गई। दोपहर 3 बजे तक सभी नमाजी शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए। सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जामा मस्जिद की निगरानी की गई। मस्जिद तक आने वाले तीन रास्तों पर बैरियर लगाकर RRF और PAC के 120 जवान तैनात किए गए थे। सीओ कुलदीप कुमार और इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने RRF जवानों के साथ इलाके में पैदल गश्त की। मस्जिद पर सत्यव्रत चौकी प्रभारी सतीश कुमार भी तैनात रहे। 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद से विवादित धार्मिक स्थल के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नमाज अदा करने वालों के अलावा किसी और को अंदर आने की इजाजत नहीं थी। नमाजी जमाल ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी जामा मस्जिद में अच्छे माहौल में नमाज अदा हुई। उन्होंने राजेश सिंघल के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था कि कुछ मुसलमान बीजेपी से जुड़ेंगे, लेकिन मस्जिद गिराने पर फूल बरसाने का उनका बयान उन्हें शोभा नहीं देता। सईद अख्तर इसराईली ने कहा कि अगर राजेश सिंघल शिक्षा के मंदिर, अस्पताल में दवाई और अन्य जरूरी चीजों के लिए बयानबाजी करते तो ज्यादा अच्छा लगता। इस दौरान इरशाद हुसैन, इसरार खां, फैसल, जियाउल हक, रेहान, अजीम, मौ. शाह हुसैन, मोहम्मद अकरम, कमर, कमाल, शमीम, नवाब साद आदिल, इसरार हुसैन, आदिल, शकील, अकील, नन्हे, गुलाम आजाद, तैयब हसन, मोहम्मद तालिब इब्राहिम, पप्पू और फिरोज सहित कई लोग मस्जिद में मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)