भूसे की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी:मैनपुरी में 202 पेटी बरामद, हरियाणा से बिहार जा रही थी
मैनपुरी के बेवर में पुलिस ने भूसे की आड़ में चल रही शराब तस्करी का खुलासा करते हुए 202 पेटी अवैध शराब बरामद की है। तस्करों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए शराब की पेटियों को धान के भूसे और प्लास्टिक के बोरों के बीच छिपा रखा था। ऊपर से देखने पर डीसीएम में भूसा लदा नजर आता था, जबकि उसके भीतर शराब की बड़ी खेप छिपी थी। मुखबिर की सूचना पर बेवर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डीसीएम को पकड़ लिया। मौके से हरियाणा के 55 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, शराब हरियाणा से बिहार के समस्तीपुर पहुंचाई जानी थी। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस लाइन में मामले का खुलासा किया गया।
मझोला नहर के पास रोकी गई डीसीएम
एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि 21 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आयशर कंपनी की डीसीएम में पंजाब की अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बेवर पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई की। टीम ने मझोला नहर के पास इटावा रोड कट, जीटी रोड पर डीसीएम को रोककर तलाशी ली। इस दौरान धान के भूसे और प्लास्टिक के बोरों के बीच शराब की पेटियां छिपी मिलीं। पुलिस ने वाहन से मैकडॉवेल्स नंबर-1 और रॉयल स्टैग ब्रांड की कुल 202 पेटी शराब बरामद की। पुलिस की शुरुआती जानकारी में इसका बाजार मूल्य करीब 14 लाख रुपये आंका गया है।
हरियाणा से बिहार पहुंचाई जानी थी खेप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चालक की पहचान फलकूराम पुत्र दीवानचंद्र निवासी सोनाली रोड, चनीवाग, जिला पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की खेप हरियाणा से लेकर चला था। इसे बिहार पहुंचाना था। वहां पहुंचने के बाद उसे बताया जाता कि माल की डिलीवरी किस स्थान पर करनी है।
वाहन मालिक का बेटा फरार
पुलिस को वाहन मालिक के बेटे ललित कुमार की भूमिका की जानकारी भी मिली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ललित कुमार पुत्र लाल सिंह निवासी ग्राम सलौरी चकुस्था, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश फरार है। पुलिस उसकी भूमिका और शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में केस
इस मामले में थाना बेवर में आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 510 रुपये, एक आईटेल मोबाइल फोन और शराब से लदी आयशर डीसीएम भी बरामद की है। कार्रवाई में थाना बेवर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और तीनों टीमों के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)