बिजली का तार टूटने से दो भैंसों की मौत:बांदा में गृहस्थी का सामान जला, 2.25 लाख रुपये मुआवजा का आदेश
बांदा जिले में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन टूटने से दो भैंसों की मौत और मकान में आग लगने के मामले में स्थायी लोक अदालत ने आज पीड़ित बसंतलाल को 2.25 लाख रुपये देने का आदेश दिया है। विद्युत विभाग को यह रकम दो महीने के भीतर देनी होगी। तय समय में भुगतान नहीं करने पर बैंक दर से ब्याज भी देना होगा। मामला अतर्रा तहसील के महोतरा गांव का है। गांव में बसंतलाल के कच्चे मकान के पास से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजरती थी। 28 मार्च 2025 को सुबह करीब 8 बजे लाइन का तार टूटकर मकान और बाहर बंधी दो भैंसों पर गिरा था। करंट लगने से दोनों भैंसों की मौके पर मौत हो गई। मकान में आग लगने से गृहस्थी का सामान जल गया। नुकसान के बाद बसंतलाल ने मुआवजे के लिए स्थायी लोक अदालत में याचिका लगाई। अन्य दस्तावेज पेश किए गए सुनवाई के दौरान अदालत में भैंसों के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट, पुलिस रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज पेश किए गए। इनसे तार टूटने और करंट से भैंसों की मौत होने की पुष्टि हुई। बसंतलाल की ओर से अधिवक्ता आशीष कुमार मिश्रा ने पैरवी की। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य डॉ. बृह्मदत्त सिंह और सदस्य शिवांगी शुक्ला की पीठ ने फैसला सुनाया। अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए विद्युत सुरक्षा निदेशक, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ और अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, बदौसा रोड, अतर्रा को कुल 2.25 लाख रुपये देने का आदेश दिया। गृहस्थी के सामान के नुकसान की भरपाई इसमें दोनों भैंसों के लिए 50-50 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख रुपये शामिल हैं। गृहस्थी के सामान के नुकसान की भरपाई के लिए 1.25 लाख रुपये देने होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)