बलरामपुर में ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित:राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रतियां सौंपीं, पात्र लोगों के नाम जोड़ने और गलतियां सुधारने की अपील
बलरामपुर।लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद यानी मतदाता सूची को शुद्ध,पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जनपद बलरामपुर में विशेष पुनरीक्षण अभियान ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मंगलवार दोपहर 12:30 बजे निर्वाचक नामावली के आलेख्य(ड्राफ्ट वोटर लिस्ट)का विधिवत प्रकाशन किया गया।इसके साथ ही मतदाता सूची को दुरुस्त करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लोकतांत्रिक अधिकार से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत प्रभारी डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में डीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां सौंपते हुए पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध,अद्यतन और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है।किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट(बीएलए)को सक्रिय करते हुए ऐसे युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को चिह्नित करने को कहा,जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं। उन्होंने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान केवल नाम जोड़ने तक सीमित नहीं है,बल्कि मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने बीएलए के माध्यम से प्रशासन का सहयोग करें,ताकि कोई पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और सूची में अनावश्यक नाम भी शामिल न रहें। वहीं,डीएम ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कड़े निर्देश दिए कि मतदाता सूची के संबंध में प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने अभियान के प्रत्येक चरण में निर्वाचन संबंधी नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत संबंधित निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)