बरेली को मिला 16.72 करोड़ का नया RTO ऑफिस:परिवहन मंत्री ने किया नए RTO भवन का लोकार्पण, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

Nov 20, 2026 - 18:01
0
बरेली को मिला 16.72 करोड़ का नया RTO ऑफिस:परिवहन मंत्री ने किया नए RTO भवन का लोकार्पण, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
बरेली वासियों का करीब ढाई दशक (25 साल) लंबा इंतजार शुक्रवार को खत्म हो गया। किराये के भवन में चल रहे संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) को झुमका चौराहे के पास अपना नया और स्थायी ठिकाना मिल गया है। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को 16.72 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक दो मंजिला भवन का भव्य लोकार्पण कर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी। एक ही परिसर में होंगे सभी काम, नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर अब बरेली के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, गाड़ी के कागजात या अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस नए परिसर में क्षेत्रीय और जिला स्तरीय परिवहन अधिकारियों के कार्यालय एक साथ बनाए गए हैं। नए RTO ऑफिस में मिलेंगी ये सभी प्रमुख सुविधाएं ड्राइविंग लाइसेंस (DL): लर्निंग लाइसेंस, स्थायी (परमानेंट) लाइसेंस, लाइसेंस रिन्यूअल, डुप्लीकेट लाइसेंस और इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट से जुड़े सभी कार्य। वाहन पंजीकरण (RC): नई गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, स्वामित्व हस्तांतरण (गाड़ी नाम ट्रांसफर), पता बदलवाना और हाइपोथिकेशन (लोन कटवाना या चढ़वाना)। फिटनेस और परमिट: कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच, नए परमिट जारी करना और उनका नवीनीकरण। टैक्स और चालान: रोड टैक्स जमा करने, एनओसी (NOC) जारी करने और ई-चालान निस्तारण की सुविधा। आधुनिक ड्राइविंग टेस्ट और पूछताछ केंद्र: परिसर में व्यवस्थित ड्राइविंग टेस्ट के साथ-साथ लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क (पूछताछ काउंटर) बनाए गए हैं, जहां हर काउंटर पर संबंधित कार्य की पूरी जानकारी मिलेगी। क्या बोले परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह? "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का बुनियादी ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है। बरेली का यह नया और हाईटेक आरटीओ भवन जनता को समर्पित है। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिक को सरकारी दफ्तरों में भटकना न पड़े और उन्हें एक ही छत के नीचे पारदर्शी व त्वरित सुविधाएं मिलें। 16.72 करोड़ की लागत से बना यह भवन न केवल जनता की राह आसान करेगा, बल्कि हमारे अधिकारियों और कर्मचारियों को भी काम करने के लिए बेहतर माहौल देगा।"— दयाशंकर सिंह, परिवहन मंत्री (उत्तर प्रदेश) जनता की सुविधा के लिए खास डिजाइन आरटीओ प्रशासन पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2025 में इस भवन का निर्माण शुरू हुआ था। इसे जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर आम जनता से जुड़े कामकाज के लिए अलग-अलग काउंटर और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि बुजुर्गों और आम लोगों को सीढ़ियां न चढ़नी पड़ें। वहीं, पहली मंजिल पर वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक रिकॉर्ड रूम बनाया गया है। समारोह में ये दिग्गज रहे मौजूद लोकार्पण समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, भाजपा नेता प्रशांत पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User