बरेली में सड़क पर लाइव नोकझोंक, वीडियो आया सामने:कार पार्किंग को लेकर दरोगा द्वारा कोर्ट कर्मी को हड़काने और पत्नी को फोन करने का आरोप
बरेली के किला थाना क्षेत्र के कुंवरपुर शिवपुरी में कार पार्किंग को लेकर एक दरोगा और जिला न्यायालय के वरिष्ठ लिपिक के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि किराए पर रहने वाले दरोगा ने विभागीय 'ई-वाहन' ऐप से अनाधिकृत रूप से कार मालिक का नंबर निकाला और कोर्ट कर्मी की शिक्षिका पत्नी को फोन कर अपशब्द कहे व जेल भेजने की धमकी दी। मौके पर दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने मौके पर पीआरवी 112 बुलाकर शिकायत दी और बाद में एसएसपी समेत डीजीपी को ट्वीट कर निष्पक्ष जांच व रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। ई-वाहन ऐप से नंबर निकाल शिक्षिका को धमकाने का आरोप
सी.बी. गंज थाना क्षेत्र के विधौलिया निवासी विपिन कुमार बरेली जिला न्यायालय में वरिष्ठ लिपिक (बाबू) हैं। उनकी पत्नी पूनम वर्मा सरकारी स्कूल में सहायक अध्यापिका हैं। विपिन कुमार के मुताबिक, 9 नवंबर की शाम करीब 4 बजे वह किसी काम से विनायक अस्पताल के पास कुंवरपुर शिवपुरी गए थे। उन्होंने अपनी पत्नी के नाम रजिस्टर्ड कार सड़क किनारे खड़ी की थी। आरोप है कि उसी इलाके में किराए पर रहने वाले उपनिरीक्षक निखिल बालियान ने सरकारी ई-वाहन ऐप के जरिए उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर निकाल लिया और फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। सड़क पर लाइव नोकझोंक: 'हमारे पास ऐप है, डिटेल तो निकालेंगे ही'
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कोर्ट कर्मी और दरोगा के बीच सड़क पर खुली बहस हो रही है। वीडियो में कोर्ट कर्मी दरोगा से सवाल करता है कि बिना अधिकार के पत्नी का पर्सनल नंबर कैसे निकाला और प्राइवेसी का उल्लंघन क्यों किया। इस पर दरोगा जवाब देते सुनाई दे रहे हैं, "मैं यहां ऊपर किराए पर रहता हूं, यहां गाड़ी खड़ी करोगे? हमारे पास ऐप है तो डिटेल निकालेंगे ही।" मौके पर दरोगा ने नो-पार्किंग और नियम गिनाए, जबकि कोर्ट कर्मी ने सरकारी शक्तियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया। डायल 112 पर मची हलचल, दोनों पक्षों ने लिखी तहरीर
हंगामे के बाद पीड़ित कोर्ट कर्मी ने डायल 112 पर फोन किया। मौके पर पीआरवी पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच थाने स्तर की लिखा-पढ़ी शुरू हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि एक ओर जहां कोर्ट कर्मी अपनी तहरीर लिखवा रहे हैं, वहीं बचाव में दरोगा भी अपनी ओर से तहरीर तैयार करवाते दिखे। कोर्ट कर्मी ने तहरीर में लिखा कि पुलिस पर आम जनता का विश्वास कायम रहे, इसलिए दोषी पर विधिक कार्रवाई की जाए। दोनों पक्षों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को अपनी-अपनी लिखित शिकायत सौंपी। थानेदार पर भगाने का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित विपिन कुमार का आरोप है कि शाम को जब वे किला थाने पहुंचे तो वहां मौजूद इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करने से मना कर दिया और उल्टा दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। स्थानीय थाने से न्याय न मिलने पर पीड़ित बाबू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली को प्रार्थना पत्र भेजकर दरोगा के कॉल डिटेल (सीडीआर), ई-वाहन ऐप के लॉग्स और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है। साथ ही पूरे मामले की शिकायत डीजीपी को भी ट्वीट की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)