बरेली में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू:पंकज सिंह ने प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी, 100 बाइकों के साथ निकली जागरूकता रैली.
बरेली में 21 से 30 नवंबर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत गांधी उद्यान से जागरूकता बाइक रैली निकालकर हुई। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये वाहन जिले की सभी 6 तहसीलों के ग्रामीण और शहरी इलाकों में जाएंगे। इनके जरिए लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।
रैली में यातायात निरीक्षक के नेतृत्व में करीब 100 यातायात पुलिसकर्मी शामिल हुए। जिले के अलग-अलग वाहन डीलरों के प्रतिनिधि भी 100 बाइकों के साथ रैली में शामिल हुए।
रैली के जरिए लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाने की अपील की गई। साथ ही तेज रफ्तार और नशे में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने को कहा गया।
परिवहन विभाग के मुताबिक, शासन की तय कार्ययोजना के अनुसार 30 नवंबर तक संबंधित विभाग मिलकर रोज जागरूकता कार्यक्रम करेंगे। विद्यालयों और सार्वजनिक जगहों पर कार्यशालाएं होंगी। बच्चों को कम उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।
विभाग का कहना है कि सिर्फ चालान से सड़क हादसे नहीं रुकेंगे। लोगों को जागरूक होना और खुद नियमों का पालन करना जरूरी है।
आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस और परिवहन विभाग के साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)