बस्ती में छठ पूजा के फलों के दाम बढ़े:पनियाला 900 रुपए किलो, अमरूद 100 रुपए प्रति पीस
बस्ती में लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया है। नहाय-खाय के साथ ही व्रती महिलाओं ने अनुष्ठान का पालन शुरू कर दिया है। शनिवार को व्रती महिलाएं खरना करेंगी। पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल और अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए दुकानों पर लोग पहुँच रहे है। हालांकि, इस बार फलों के आसमान छूते दाम व्रतियों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। बाजार में सबसे महंगा फल पनियाला बिक रहा है। इसकी कीमत 900 रुपये प्रति किलो है। वहीं, एक पनियाला दस रुपये में बेचा जा रहा है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाला सूप 100 रुपये और दौरा 250 रुपये में बिक रहा है। इसके अलावा संतरा 40 रुपये किलो, अनार 100 रुपये किलो और सेब 120 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। नारियल 50 रुपये प्रति पीस, अंगूर का डिब्बा 150 रुपये, अमरूद 100 रुपये प्रति पीस और गन्ना 40 रुपये जोड़ा बेचा जा रहा है। पूजा की सामग्री खरीदने पहुंचीं व्रती महिला अर्तिका यादव ने बताया कि इस बार बाजार में महंगाई काफी है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल और अन्य जरूरी सामान खरीदने में पहले की अपेक्षा अधिक खर्च करना पड़ रहा है। बावजूद इसके आस्था के इस महापर्व को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है। छठ पर्व पर फलों की मांग बढ़ने से बाजार में रौनक है। व्रती महिलाएं अपनी सामर्थ्य के अनुसार पूजा की सामग्री जुटाने में लगी हैं। महंगाई के बीच लोक आस्था और परंपरा के इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)