चाचा की पिटाई से आहत छात्रा ने लगाई फांसी:पिता बोले- अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो बच जाती बेटी की जान
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित गणेश नगर में दीवाली की रात खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पिता को अपशब्द कहने से रोकने पर चाचा ने अपनी 17 वर्षीय भतीजी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस अपमान और प्रताड़ना से आहत होकर इंटरमीडिएट की छात्रा ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने अपने दो सगे भाइयों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पापा को गाली देने से रोका तो दीवार और साइकिल में दे मारा सिर
गणेश नगर गली नंबर-3 निवासी संजीव कश्यप की 17 वर्षीय बेटी नैंसी इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रही थी। दीवाली की शाम करीब साढ़े 5 बजे पूरा परिवार पूजा और त्योहार की तैयारियों में जुटा था। तभी संजीव का 20 वर्षीय छोटा भाई राजा घर पहुंचा। संजीव उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे। राजा आते ही अपने बड़े भाई को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। इस पर नैंसी ने विरोध जताते हुए कहा कि उसके सामने पिता को गाली न दें, जब पापा घर आ जाएं तो उनसे बात करें। भतीजी की इस बात पर राजा आगबबूला हो गया और उसने नैंसी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। राजा ने नैंसी का सिर दीवार और वहां खड़ी साइकिल पर दे मारा। बीच-बचाव करने आई नैंसी की मां को भी उसने लात मारी। इस दौरान तीसरा भाई दीपक (30) भी मौके पर मौजूद था और उसने भी बीच-बचाव करने के बजाय राजा का ही साथ दिया। थाने में तहरीर देकर लौटी थी छात्रा, पिता बोले- पुलिस ने बरती लापरवाही
चाचा की इस दरिंदगी के बाद डरी-सहमी नैंसी शाम करीब 6 बजे खुद सुभाषनगर थाने पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर चाचा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मृतका के पिता संजीव का सीधा आरोप है कि पुलिस ने बेटी की फरियाद को गंभीरता से नहीं लिया। अगर पुलिस वक्त रहते तुरंत घर आकर आरोपी को पकड़ ले जाती, तो उनकी बेटी का हौसला न टूटता और उसकी जान बच जाती। जब नैंसी थाने से वापस घर पहुंची, तो राजा ने शिकायत करने से खुंदक खाकर उसके साथ दोबारा मारपीट की। रात में जब परिवार के बाकी लोग दीवाली पूजन की व्यवस्था में लगे थे, तभी गहरे सदमे में आई नैंसी ने कमरे के भीतर जाकर फांसी लगा ली। तीन अस्पतालों के चक्कर काटे, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
नयनसी को फंदे पर झूलता देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में फंदे से उतारकर परिजन उसे सबसे पहले मिशन अस्पताल ले गए। वहां हालत नाजुक होने पर उसे दीपमाला अस्पताल और फिर रामगंगा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। संजीव ने बताया कि राजा नशे का आदी है और पिछले एक साल से पूरे परिवार को तंग कर रहा था। वह आए दिन राहगीरों से छीना-झपटी और विवाद करता था, जिससे पूरा परिवार आजिज आ चुका था। पेंटर पिता का भरा-पूरा परिवार, दोनों आरोपी चाचा अभी अविवाहित
आत्महत्या करने वाली 17 वर्षीय नैंसी इंटरमीडिएट की होनहार छात्रा थी। उसके पिता संजीव कश्यप पुताई और मजदूरी का काम करके अपने परिवार का पेट पालते हैं, जबकि मां गोमती देवी गृहिणी हैं। नैंसी से छोटी उसकी एक 15 साल की बहन गुनगुन है, जो अभी पढ़ाई कर रही है। घर में बुजुर्ग दादा हरि प्रसाद और दादी माया देवी भी साथ रहते हैं। वहीं इस वारदात में हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराए गए दोनों चाचा अविवाहित हैं। 20 वर्षीय मुख्य आरोपी राजा कोई काम-धंधा नहीं करता और नशे व आपराधिक हरकतों में लिप्त रहता है, जबकि दूसरा आरोपी चाचा 30 वर्षीय दीपक ऑटो चलाकर अपनी गुजर-बसर करता है। इस घटना ने एक सीधे-सादे मेहनतकश परिवार की दीवाली की सारी खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)