दिवाली पर घर आए युवक की हादसे में मौत:गोंडा में अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर; 6 महीने पहले हुई थी शादी
गोंडा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर तरबगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह गुड़गांव की कपड़ा फैक्ट्री से छुट्टी लेकर दिवाली मनाने घर आया था। रविवार रात मौसी के घर से लौटते समय ढेकिया पुल और भारत पेट्रोल पंप के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। मौसी के घर से लौटते समय हुआ हादसा मृतक की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा गांव निवासी सूरज सिंह (26) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सूरज गुड़गांव स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। वह दिवाली मनाने के लिए 5 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार (8 नवंबर) शाम करीब 7 बजे वह तरबगंज क्षेत्र के पकवान गांव में रहने वाली अपनी मौसी के घर दिवाली मिलने गया था। रात करीब 11 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उमरीबेगमगंज मार्ग पर ढेकिया पुल और भारत पेट्रोल पंप के बीच अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी तरबगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शादी के 6 महीने भी नहीं हुए पूरे सूरज की शादी इसी साल 13 मई को परसपुर थाना क्षेत्र के पिऊली गांव निवासी बिट्टू से हुई थी। शादी को अभी छह महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि हादसे में उसकी मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी बिट्टू का रो-रोकर बुरा हाल है। सूरज दो भाइयों में छोटा था। परिवार में पिता दीनानाथ, मां शीला देवी, बड़ा भाई संजय सिंह और पत्नी बिट्टू हैं। युवक की मौत से परिवार में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। तरबगंज थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया- सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)