छात्र संघ चुनाव के चलते AMU की बढ़ाई गई सुरक्षा:कैंपस के चारों तरफ पुलिस और RAF तैनात, वाहनों की हो रही जांच
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) छात्रसंघ चुनाव में मतदान के दौरान सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लंच ब्रेक के बाद कैंपस के अंदर और बाहर भीड़ बढ़ने पर पुलिस अलर्ट हो गई। किसी विवाद या बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए कैंपस के चारों तरफ चेकिंग और निगरानी की जा रही है। एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ ट्रैफिक सर्वम सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस तैनात है। बाबे सैयद, कलेक्ट्रेट रोड, धनीपुर रोड, शमशाद मार्केट, मेडिकल रोड और तस्वीर महल पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की खास नजर ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर है। एएमयू के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के बाहर बाइक पर ट्रिपल राइडिंग कर रहे कुछ युवकों को पुलिस ने रोक लिया। इसकी जानकारी मिलने पर छात्र नेता भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद युवकों को जाने दिया गया। RAF भी तैनात, प्रॉक्टर टीम सक्रिय सुरक्षा के लिए कैंपस के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) भी तैनात की गई है। वहीं, एएमयू प्रॉक्टर कार्यालय की टीम भी कैंपस में लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)