छठ मइया के गीत रेलवे स्टेशनों पर बज रहे:प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल के 39 से अधिक स्टेशनों पर प्रसारण
प्रयागराज में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर उत्तर मध्य रेलवे ने स्टेशनों पर खास इंतजाम किए हैं। प्रयागराज से लेकर झांसी और आगरा मंडल तक रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को छठ पर्व का एहसास कराने के लिए पारंपरिक छठ गीत बजाए जा रहे हैं। स्टेशन की उद्घोषणा प्रणाली यानी एनाउंसमेंट के साथ छठ मइया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। इससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को घर और त्योहार जैसा माहौल मिल रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों प्रयागराज, झांसी और आगरा के 39 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर यह व्यवस्था की गई है। इनमें प्रयागराज मंडल के प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, मिर्जापुर, विंध्याचल, मानिकपुर और नैनी जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। वहीं झांसी मंडल के ग्वालियर, चित्रकूट, उरई और खजुराहो तथा आगरा मंडल के आगरा कैंट, मथुरा और धौलपुर सहित कई स्टेशनों पर छठ के गीत बजाए जा रहे हैं। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने और यात्रियों को जरूरी सूचनाएं देने के दौरान उद्घोषणा प्रणाली से छठ के पारंपरिक गीत भी सुनाई दे रहे हैं। इनमें 'मंगला हम वरदान हे गंगा मइया' और 'केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव' जैसे लोकप्रिय गीत शामिल हैं। इन गीतों को सुनकर खासकर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को अपने घर और परिवार की याद आ रही है। कई महिला यात्री गीतों को गुनगुनाती भी नजर आ रही हैं। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सफर के दौरान उनके त्योहार और लोक संस्कृति से जोड़ना है। छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों से अपने घर लौटते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण यात्रियों के सफर को उत्सव के माहौल से जोड़ रहा है। रेलवे ने छठ पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर, यात्री सहायता केंद्र और 'मे आई हेल्प यू' बूथ भी बनाए हैं। सुरक्षा और सुविधा के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। इस तरह उत्तर मध्य रेलवे में छठ के गीतों के जरिए यात्रियों को सुविधा के साथ अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़ने का मौका भी मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)