छठ पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ी:गाजियाबाद में फल और पूजा सामग्री खरीदने पहुंचे लोग, घरों में बन रहा ठेकुआ

Nov 15, 2026 - 16:12
0
छठ पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ी:गाजियाबाद में फल और पूजा सामग्री खरीदने पहुंचे लोग, घरों में बन रहा ठेकुआ
गाजियाबाद मे छठ महापर्व को लेकर शहर में आस्था और उत्साह का माहौल है। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन पूजा की तैयारियां तेज हो गईं। सुबह से ही बाजारों में फल, सूप और पूजा सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। साहिबाबाद स्थित सब्जी और फल मंडी में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग खरीदारी करने पहुंचे। बाजार में हर तरफ छठ पूजा की रौनक दिखाई दी। कोई पूजा के लिए फल खरीदता नजर आया तो कोई सूप, नारियल, गन्ना और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी कर रहा था। छठ पूजा को लेकर बाजारों में फलों की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही। श्रद्धालु पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल और अन्य सामग्री अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदते नजर आए। दुकानदारों के अनुसार, छठ पर्व के चलते बाजार में सुबह से ही ग्राहकों का आना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ और बढ़ती गई। बाजार में खरीदारी के दौरान लोगों में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। वहीं, दूसरी ओर घरों में भी छठ पूजा की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गईं। छठ व्रती महिलाएं सुबह करीब चार बजे से ही प्रसाद बनाने में जुट गईं। घरों में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया जा रहा है। इसके लिए कई घरों में नए चूल्हे का इस्तेमाल किया जा रहा है। महिलाएं स्नान करने के बाद पूरी श्रद्धा और नियम के साथ छठी मैया का प्रसाद बना रही हैं। छठ पूजा के प्रमुख प्रसाद ठेकुआ को बनाने की भी खास तैयारी की गई। घरों में महिलाएं आटा, गुड़ और अन्य सामग्री से ठेकुआ तैयार करती नजर आईं। ठेकुआ की खुशबू से घरों का माहौल भी भक्तिमय हो गया। इस दौरान घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत भी गूंजते रहे। महापर्व को लेकर बाजारों की रौनक और घरों में चल रही तैयारियां गाजियाबाद में छठ की परंपरा और लोगों की आस्था को दिखा रही हैं। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User