रोडवेज बस की टक्कर से छात्रा की मौत:हमीरपुर में भाई-बहन गंभीर घायल, मुआवजे की मांग पर हाईवे पर जाम लगाया
हमीरपुर के टेढ़ा गांव में रविवार दोपहर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 14 वर्षीय काजल की मौत हो गई। हादसे में उसके बुआ के बेटे सुमित और बड़ी बहन मंदाकिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सुमेरपुर-बांदा स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। टेढ़ा गांव के अवधेश के मुताबिक, उनकी बुआ गंधारी का बेटा सुमित उर्फ सुंदरम बाइक से काजल और मंदाकिनी को खेतों की ओर ले जा रहा था। सुमित बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के सोनापुरवा का रहने वाला है। रविवार दोपहर करीब एक बजे टेढ़ा पावर हाउस के सामने बांदा की ओर जा रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से काजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित और मंदाकिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम दोनों घायलों को पीएचसी ले गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। काजल गांव के पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलेज में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। काजल की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन मांग पूरी होने तक जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। बाद में एसडीएम सदर अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक जाम रहने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)