देवरिया में गोतस्करी के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली:साथी के साथ बाइक से आ रहा था, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोतस्करी के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी हेमराज यादव के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी जयसराज यादव मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस के मुताबिक, बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के जजवलिया गांव का रहने वाला हेमराज यादव (20) भलुअनी थाने में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित था। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि हेमराज अपने साथी जयसराज यादव निवासी शीतलपुरी, थाना सुरौली के साथ बाइक से पकड़ी बाजार की ओर से नकदह-फुलवरिया होते हुए बेलडाड़ रोड की तरफ आएगा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बेलडाड़ रोड पर घेराबंदी कर दी। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई पुलिस के अनुसार, बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई तो एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हेमराज के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी जयसराज फरार हो गया। तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। फायरिंग और अवैध असलहा मिलने के संबंध में भलुअनी थाने में एक और मामला दर्ज किया गया है। घायल हेमराज को पहले भलुअनी में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी जयसराज की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)