वोटर बनाने में यूपी में 71वें नंबर पर गौतमबुद्ध नगर:9 लाख लोगों के नाम जुड़ने की संभावना, CEC (UP) ने 23 दिन में अभियान तेज करने के दिए निर्देश
गौतमबुद्ध नगर में पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने की रफ्तार प्रदेश के दूसरे जिलों के मुकाबले काफी पीछे है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत छह दिन के अभियान में जिले की स्थिति प्रदेश में 71वें स्थान पर है। हालांकि, प्रति पोलिंग स्टेशन फॉर्म-6 भरने के मामले में जिला 32वें स्थान पर है। जिले में करीब नौ लाख ऐसे पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकते हैं, जो अभी वोटर नहीं बने हैं। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब अधिकारियों के पास सिर्फ 23 दिन बचे हैं। सोमवार को सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने एसएसआर के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान की प्रगति जानी। इस दौरान फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक नए मतदाता बनने की संभावना है। गाजियाबाद में करीब 9.5 से 10 लाख और गौतमबुद्ध नगर में लगभग नौ लाख पात्र लोग हैं, जिन्हें मतदाता सूची से जोड़ा जा सकता है। इसके बावजूद छह दिन के अभियान में गौतमबुद्ध नगर की रैंकिंग 71वीं है। वहीं, प्रति पोलिंग स्टेशन फॉर्म-6 भरने के मामले में जिला 32वें स्थान पर है। गाजियाबाद इस मामले में प्रदेश के 75 जिलों में पहले स्थान पर है। एक दिन भी लंबित न रहे ऑनलाइन आवेदन
नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन आने वाले फॉर्म-6 किसी भी एईआरओ के लॉगिन पर एक दिन से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। आवेदन मिलते ही उसी दिन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को भेजा जाए। बीएलओ मौके पर जाकर सत्यापन करें और रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करें, ताकि पात्र लोगों का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। युवाओं और महिलाओं पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 18 और 19 वर्ष के युवाओं के साथ पहली बार वोटर बनने वाले लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। महिलाओं के पंजीकरण के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों की मदद लेने को कहा। इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब सक्रिय करने और विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। सिर्फ 23 दिन बचे है अभियान किया जाए तेज उन्होंने कहा कि एसएसआर के तहत 16 दिसंबर तक केवल 23 दिन शेष हैं। अधिकारियों को इस अवधि में हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना होगा। गाजियाबाद की तरह गौतमबुद्ध नगर में भी अभियान को गति देनी होगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)