देवरिया में मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू:16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन का मौका
देवरिया जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन के लिए 17 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हुआ। यह अभियान 16 दिसंबर तक चलेगा। मंगलवार को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रेसवार्ता कर बताया कि नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। स्थान बदलने के लिए भी फॉर्म-8 भरना होगा। मतदाताओं की मदद के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर लगेंगे। इन दिनों सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। वे आवेदन लेंगे और फॉर्म भरने में मदद करेंगे। मतदाताओं को ईवीएम की कार्यप्रणाली समझाने के लिए जिले में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किया गया है। यहां लोग मशीन चलाने और मतदान की प्रक्रिया का प्रदर्शन देख सकेंगे। चुनाव से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर बनाया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 है। बुक-अ-कॉल सुविधा के जरिए मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर ईपीआईसी कार्ड और अलग-अलग आवेदन फॉर्म की जानकारी ले सकते हैं। मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि 16 दिसंबर तक मिले आवेदनों को डिजिटाइज कर आयोग को भेजा जाएगा। 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा होगा। इसके बाद 4 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। प्रेसवार्ता में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)